
छपारा में टेंट संचालकों को जारी नोटिस को लेकर विवाद की स्थिति बन गई। नगर परिषद के सीएमओ द्वारा दो टेंट संचालकों पर लगभग 50 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया था। आरोप था कि एक कार्यक्रम के दौरान पानी की पाइपलाइन को नुकसान पहुंचाया गया और सड़क किनारे लगे पेवर ब्लॉक्स उखाड़ दिए गए।
इस कार्रवाई के विरोध में रामनवमी आयोजन समिति के सदस्य 26 मार्च को तहसील कार्यालय पहुंचे और तहसीलदार को ज्ञापन सौंपा। समिति के सदस्यों का कहना था कि बिना उचित समझाइश और जांच के सीधे नोटिस जारी करना गलत है, जिससे टेंट संचालकों को अनावश्यक परेशानी हुई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए तहसीलदार सौरभ मरावी ने तत्काल हस्तक्षेप किया और दोनों पक्षों के बीच मध्यस्थता की। नगर परिषद अधिकारियों और समिति के सदस्यों के बीच बैठक आयोजित की गई, जिसमें आपसी बातचीत से विवाद को शांतिपूर्वक सुलझा लिया गया।
बैठक के बाद अधिकारियों ने इसे एक गलतफहमी बताया और कहा कि किसी भी धर्म या आयोजन के प्रति प्रशासन का पूरा सम्मान है। प्रशासन ने सभी नागरिकों से अपील की है कि रामनवमी का पर्व शांति, सौहार्द और उल्लास के साथ मनाएं।












