ताज़ा ख़बरें

बाल कल्याण समिति खंडवा सहित संभाग के अधिकारी इंदौर में प्रशिक्षण में हुए शामिल,

बाल श्रम उन्मूलन पर हुई संभागस्तरीय कार्यशाला

बाल कल्याण समिति खंडवा सहित संभाग के अधिकारी इंदौर में प्रशिक्षण में हुए शामिल, बाल श्रम उन्मूलन पर हुई संभागस्तरीय कार्यशाला
प्रवीण शर्मा ने कहा – समन्वित प्रयास से ही संभव है बाल श्रम मुक्त समाज का निर्माण
खंडवा। बाल श्रम, बंधुआ मजदूरी उन्मूलन एवं श्रम संहिता के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु इंदौर में संभागस्तरीय प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन किया गया, जिसमें इंदौर एवं उज्जैन संभाग के सभी जिलों के अधिकारी सम्मिलित हुए। कार्यशाला का आयोजन इंदौर के जालगृह सभागृह में किया गया।
कार्यशाला को उप श्रमायुक्त आशीष पालीवाल, सहायक श्रमायुक्त मेघना भट्ट, सहायक श्रमायुक्त राखी जोशी, राज्य सलाहकार यूनिसेफ के विशेषज्ञ अमरजीत सिंह, सहायक श्रमायुक्त भानुप्रताप सिंह तथा औद्योगिक स्वास्थ्य एवं सुरक्षा विभाग के उपसंचालक पी. पी. पटेरिया ने संबोधित किया। वक्ताओं ने बाल श्रम उन्मूलन, बंधुआ मजदूरी से मुक्ति, राज्य कार्ययोजना 2026–2030 तथा विभिन्न श्रम कानूनों के प्रभावी क्रियान्वयन पर विस्तार से मार्गदर्शन दिया।
संभागस्तरीय इस कार्यशाला में बाल कल्याण समिति खंडवा से अध्यक्ष प्रवीण शर्मा सहित सदस्य मोहन मालवीय, स्वप्निल जैन, कविता पटेल तथा विशेष किशोर पुलिस इकाई की शर्मिला मोरे भी उपस्थित रहीं।
इस अवसर पर प्रवीण शर्मा ने कहा कि बाल श्रम उन्मूलन केवल श्रम विभाग का कार्य नहीं बल्कि समाज, प्रशासन और न्याय तंत्र के समन्वित प्रयास से ही संभव है। उन्होंने कहा कि बालकों के संरक्षण, पुनर्वास एवं शिक्षा सुनिश्चित करने के लिए सभी विभागों को संवेदनशीलता के साथ कार्य करना होगा।
कार्यशाला में विभागों के बीच समन्वय बढ़ाने, बाल श्रम के मामलों में त्वरित कार्रवाई, बच्चों के पुनर्वास तथा कानूनों के सख्ती से पालन पर विशेष जोर दिया गया। अधिकारियों ने कहा कि सभी विभाग मिलकर कार्य करें तो बाल श्रम मुक्त समाज का लक्ष्य शीघ्र प्राप्त किया जा सकता है।

Show More
Back to top button
error: Content is protected !!