
19 मार्च से शीतला माता मंदिर में संगीतमय श्रीमद् देवी भागवत महापुराण कथा।
गायत्री शक्तिपीठ सूरजकुंड से निकलेगी कलश यात्रा, 27 मार्च को पूर्णाहुति व प्रसादी।
खंडवा। शहर के जसवाड़ी रोड स्थित श्री शीतला माता मंदिर परिसर में 19 मार्च से 27 मार्च 2026 तक संगीतमय श्रीमद् देवी भागवत महापुराण कथा का आयोजन किया जाएगा। आयोजन श्री शीतला माता संगठन एवं समस्त देवी भक्तों के सहयोग से किया जा रहा है। आयोजकों ने सभी धर्मप्रेमी श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर कथा श्रवण करने का आग्रह किया है। समाजसेवी सुनील जैन ने बताया कि
कथा की शुरुआत 19 मार्च गुरुवार को सुबह 8 बजे भव्य कलश यात्रा के साथ होगी। कलश यात्रा गायत्री शक्तिपीठ सूरजकुंड से प्रारंभ होकर जसवाड़ी रोड स्थित शीतला माता मंदिर तक पहुंचेगी। इसके बाद प्रतिदिन दोपहर 1 बजे से शाम 4:30 बजे तक कथा वाचन किया जाएगा। कथा का वाचन पूज्य पंडित राकेश तिवारी महाराज द्वारा किया जाएगा। आयोजन के संरक्षक महाकाल मंडल, खंडवा हैं।
कथा में होंगे विभिन्न धार्मिक प्रसंग
सुनील जैन ने बताया कि आयोजन समिति के अनुसार कथा के दौरान प्रतिदिन देवी भागवत के विभिन्न प्रसंगों का वर्णन किया जाएगा। 20 मार्च को देवी भागवत महात्म, 21 मार्च को मधु-कैटभ वध, 22 मार्च को महाभारत प्रसंग व भुवनेश्वरी धाम, 23 मार्च को महिषासुर वध, 24 मार्च को मां हिंगलाज कथा, 25 मार्च को शिव-पार्वती विवाह, तथा 26 मार्च को कृष्ण जन्म उत्सव एवं लक्ष्मी-प्रकृति देवी कथा का वर्णन किया जाएगा।
27 मार्च को पूर्णाहुति
कथा का समापन 27 मार्च को पूर्णाहुति एवं प्रसादी वितरण के साथ होगा। इस अवसर पर श्रद्धालुओं के लिए विशेष धार्मिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। साथ ही गुड़ी पड़वा के अवसर पर नववर्ष आगमन का विशेष उत्सव भी मनाया जाएगा।
आयोजक श्री शीतला माता संगठन एवं समस्त देवी भक्तों ने श्रद्धालुओं से कार्यक्रम में शामिल होकर धर्म लाभ लेने की अपील की है।










