
अखिल भारतीय खटीक समाज ने की जिला अध्यक्षों की घोषणा, खंडवा की कमान चंद्रशेखर वर्मा को सौंपी
खंडवा। अखिल भारतीय खटीक समाज (मध्य प्रदेश) द्वारा संगठनात्मक विस्तार को लेकर प्रदेशभर में जिला अध्यक्षों की घोषणा की गई है। इसी क्रम में खंडवा जिले के लिए चंद्रशेखर वर्मा को जिला अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। समाजसेवी सुनील जैन ने बताया की श्री वर्मा की नियुक्ति के बाद खंडवा जिले के समाजजनों में हर्ष का वातावरण देखा जा रहा है।बताया जा रहा है कि लंबे समय से संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने के उद्देश्य से विभिन्न जिलों में सक्रिय एवं समाजहित में कार्यरत पदाधिकारियों की नियुक्ति की प्रक्रिया जारी थी। इसी के तहत प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मीनारायण बोरीवाल के नेतृत्व में मध्य प्रदेश के विभिन्न संभागों के जिलों में नए जिला अध्यक्ष घोषित किए गए हैं। सुनील जैन ने बताया कि इंदौर संभाग के अंतर्गत इंदौर, धार, बड़वानी, खरगोन और खंडवा जिलों में संगठन को मजबूत करने के उद्देश्य से जिला अध्यक्षों की नियुक्ति की गई है। इनमें खंडवा जिले की कमान श्री चंद्रशेखर वर्मा को सौंपी गई है, जिससे जिले में सामाजिक गतिविधियों को और अधिक गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
समाजजनों का मानना है कि श्री वर्मा के नेतृत्व में खंडवा जिले में अखिल भारतीय खटीक समाज संगठनात्मक रूप से और अधिक सशक्त होगा तथा समाज के हितों से जुड़े मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाया जा सकेगा। उनकी नियुक्ति से जिले में सामाजिक एकजुटता को भी बल मिलेगा।
प्रदेश स्तर पर की गई इन नियुक्तियों का उद्देश्य संगठन को प्रत्येक जिले तक सक्रिय बनाना और समाज के विकास एवं अधिकारों के लिए एक सशक्त मंच तैयार करना है। खंडवा जिले में श्री चंद्रशेखर वर्मा की नियुक्ति को इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।










