
शिवाजी महाराज की जन्म जयंती कॉलेज में उत्साह पूर्वक मनाई गई।
खंडवा। वीर शिवाजी महाराज की जयंती पर शहर में कई कार्यक्रम आयोजित हुए। पूनमचंद गुप्ता वोकेशनल कॉलेज में छत्रपति शिवाजी महाराज की जयंती अत्यंत श्रद्धा, उत्साह एवं गरिमामय वातावरण में मनाई गई। समाजसेवी सुनील जैन ने बताया कि कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं छत्रपति शिवाजी महाराज के चित्र पर माल्यार्पण के साथ किया गया। इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. दीपेश आर. उपाध्याय ने अपने प्रेरणादायक उद्बोधन में छत्रपति शिवाजी महाराज के अद्वितीय शौर्य, पराक्रम, कुशल नेतृत्व क्षमता तथा प्रखर राष्ट्रभक्ति पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को उनके आदर्शों को अपने जीवन में आत्मसात करने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि शिवाजी महाराज का जीवन हमें साहस, आत्मसम्मान और कर्तव्यनिष्ठा की प्रेरणा देता है। कार्यक्रम के दौरान सहायक प्राध्यापक श्रीमती वैशाली बिल्लौरे एवं सुश्री चेल्सी मिश्रा ने छत्रपति शिवाजी महाराज के जीवन, संघर्ष एवं राष्ट्र निर्माण में उनके अमूल्य योगदान पर अपने विचार व्यक्त किए। सुनील जैन ने बताया कि शिवाजी जयंती पर आयोजित कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने भी उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए अपने विचार प्रस्तुत किए। डी.एड. की छात्रा तानिया, छात्र नमन तथा बी.ए. की छात्रा नंदिनी ने शिवाजी महाराज के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम का सफल संचालन बी.एससी. (सी.एस.) की छात्रा तमन्ना शेख द्वारा किया गया तथा आभार प्रदर्शन बी.कॉम. की छात्रा मुस्कान पाल ने किया। कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्रबंधक सतीश पटेल की गरिमामयी उपस्थिति रही। साथ ही महाविद्यालय के समस्त प्राध्यापकगण एवं विद्यार्थीगण उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ तथा कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।










