
खंडवा में चौथी राज्य स्तरीय अंडर-19 बास्केटबॉल प्रतियोगिता का हुआ भव्य शुभारंभ।

खेल हार जीत तक सीमित नहीं, बल्कि यह अनुशासन, आत्मविश्वास, टीमवर्क के संघर्ष की सीख देता है , ,,विधायक कंचन तनवे,,
खंडवा। चौथी राज्य स्तरीय अंडर-19 बालक एवं बालिका बास्केटबॉल प्रतियोगिता का शुभारंभ मुख्य अतिथि के रूप में शामिल खंडवा विधायक कंचन मुकेश तनवे द्वारा किया गया। शुभारंभ अवसर पर कार्यक्रम की जानकारी देते हुए नारायण बाहेती एवं सुनील जैन ने बताया कि इस प्रतियोगिता में प्रदेश भर से चयनित प्रतिभाशाली टीमें भाग ले रही हैं। प्रतियोगिता का उद्देश्य युवाओं में खेल भावना, अनुशासन एवं शारीरिक-मानसिक विकास को प्रोत्साहित करना है।उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में खंडवा की विधायक श्रीमती कंचन मुकेश तनवे की गरिमामयी उपस्थिति रही। इस अवसर पर उन्होंने खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि खेल केवल जीत-हार तक सीमित नहीं होता, बल्कि यह जीवन में अनुशासन, आत्मविश्वास, टीम-वर्क और संघर्ष की सीख देता है। उन्होंने सभी खिलाड़ियों से पूरे मनोयोग, खेल भावना एवं सकारात्मक सोच के साथ खेलने का आह्वान किया तथा कहा कि आज का मैदान ही कल के उज्ज्वल भविष्य की नींव रखता है।अतिथि के रूप में खण्डवा एसडीएम ऋषि कुमार सिंगई भी उपस्थित हुए।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए जिला बास्केटबॉल संघ के अध्यक्ष राजेश शुक्ला ने कहा चाहे हमें स्वयं पर कितना भी विश्वास क्यों न हो, मैच का पहला मिनट ही बता देता है कि हम इस मुकाबले में कितने मिनट मैदान में टिकने वाले हैं।
मैच में हर एक सेकंड ज्यादा देर मैदान में टिके रहने की जिजीविषा के लिए ही हम निरंतर अभ्यास करते हैं।
यही अभ्यास हमारे शरीर की क्षमता को मजबूत करता है और हमें उसे अगले स्तर तक ले जाने की प्रेरणा देता है।”
कार्यक्रम पश्चात विधायक श्रीमती कंचन मुकेश तनवे द्वारा सभी टीमों के खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया गया। समाजसेवी व प्रवक्ता सुनील जैन ने बताया कि कार्यक्रम में भीम सिंह नीलकंठ एवं जिला बास्केटबॉल संघ के सचिव धीरज बरोले, पन्नालाल गुप्ता सदस्य किशोर न्याय बोर्ड अनिल बाहेती, प्रवीण शर्मा अध्यक्ष बाल कल्याण समिति, समाजसेवी सुनील जैन, नारायण बाहेती, विजय बाली उज्जैन,राकेश बाजपेई बैतूल, पदाधिकारी गण एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।उद्घाटन समारोह उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ जहां खिलाड़ियों के आत्मविश्वास और खेल के प्रति समर्पण की झलक स्पष्ट दिखाई दी। जिला बास्केटबॉल संघ द्वारा प्रतियोगिता के सफल आयोजन हेतु सभी अतिथियों, खिलाड़ियों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त किया गया।











