जिला निर्वाचन अधिकारी सुश्री मित्तल ने गणना पत्रकों के डिजिटाइजेशन प्रगति की समीक्षा की
मंगलवार शाम 4 बजे तक 70 प्रतिशत डिजिटाइजेशन पूर्ण करने के निर्देश
📝खरगोन से ब्यूरो चीफ अनिल बिलवे की रिपोर्ट…
खरगोन 23 नवंबर 2025। जिला निर्वाचन अधिकारी व कलेक्टर सुश्री भव्या मित्तल ने वीडियो कांफ्रेंस के माध्यम से विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम अंतर्गत गणना पत्रकों के डिजिटाइजेशन प्रगति की विधानसभा क्षेत्र-वार समीक्षा की और कम प्रगति प्रतिशत वाले मतदान केंद्रों में सुधार लाने के लिए आवश्यक निर्देश दिए। कांफ्रेंस में उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्री प्रताप कुमार अगास्या सहित समस्त ईआरओ, एईआरओ, सीएमओ, सीईओ, सीडीपीओ, बीइओ, बीआरसी, तहसीलदार और नायब तहसीलदार ऑनलाइन जुड़े थे।
कलेक्टर सुश्री मित्तल ने बताया कि जिले के सभी विधानसभा क्षेत्रों में 60 प्रतिशत डिजिटाइजेशन पूरा कर लिया गया है और बचे 11 दिनों में अधिक प्रगति से शेष कार्य पूरा करना है। उन्होंने सभी नोडल अधिकारियों को निर्देश दिए कि मंगलवार शाम 4 बजे तक गणना पत्रकों का 70 प्रतिशत डिजिटाइजेशन पूरा किया जाना है अन्यथा उनके विरुद्ध कार्यवाही की जाएगी। सुश्री मित्तल ने सभी ईआरओ को अपने अमले को 70 प्रतिशत डिजिटाइजेशन पूरा करने के लिए लक्ष्य देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बीएलओ के कार्य की व्यक्तिगत निगरानी की जिम्मेदारी नोडल अधिकारियों की है, जिन मतदान केंद्रों की प्रगति कम है वहां अतिरिक्त अमला दिया जाए और समस्या वाले मतदान केंद्रों में मास्टर ट्रेनर भी दिए जाएं। उन्होंने बताया कि निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जिन मतदाताओं की मैपिंग नहीं हुई है, उनके भी गणना पत्रक डिजिटाइज किए जाने हैं जिससे इनका नाम प्रारूप मतदाता सूची में आ सके। उन्होंने बताया कि असंग्रहित पत्रकों की प्रविष्टि भी बीएलओ ऐप पर की जाए जिससे डिजिटाइजेशन प्रतिशत बढ़ सके। सुश्री मित्तल ने कम प्रगति वाले मतदान केंदों के नोडल अधिकारियों को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए, जिसकी प्रतिलिपि विभागीय आयुक्त, इंदौर संभागायुक्त और निर्वाचन आयोग को दी जाएगी। उन्होंने लापरवाही करने वाले बीएलओ के विरुद्ध विभागीय जांच संस्थापित करने के निर्देश दिए।
कांफ्रेंस में मास्टर ट्रेनर श्री अमित शर्मा ने बताया कि यदि किसी मतदाता की 2003 की मतदाता सूची से मैपिंग नहीं हो सकी है, तो भी उसका गणना पत्रक बीएलओ ऐप के माध्यम से डिजिटाइज किया जाना है। उन्होंने बताया कि सिस्टम द्वारा गणना पत्रकों का सत्यापन किया जा रहा है इसलिए यदि किसी गणना पत्रक के डिजिटाइजेशन में दिक्कत आ रही है तो उसका डिजिटाइजेशन का प्रयास अगले दिन सुबह फिर किया जाए। उन्होंने बताया कि मृत्यु, स्थाई पलायन, विवाह पश्चात शिफ्ट हुई महिला जैसे निश्चित प्रकरणों में असंग्रहित पत्रकों की प्रविष्टि भी बीएलओ ऐप पर की जाए, गलती से असंग्रहित मार्क किए गए मतदाता दावा आपत्ति दाखिल कर सकेंगे।