

सिवनी। जिले की नवागत कलेक्टर श्रीमती शीतला पटले ने शनिवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में अधिकारियों की बैठक लेकर विभागीय योजनाओं एवं गतिविधियों की विस्तारपूर्वक समीक्षा की। इस अवसर पर उन्होंने विभागवार जानकारी प्राप्त कर अधिकारियों को कार्यों की प्रगति और आगामी रणनीति पर विशेष निर्देश दिए।
बैठक की शुरुआत पंचायत विभाग की योजनाओं से हुई। कलेक्टर ने मनरेगा अंतर्गत चल रहे निर्माण एवं रोजगार सृजन कार्यों की जानकारी ली। उन्होंने “एक बगिया माँ के नाम”, खेत तालाब, अमृत सरोवर, पीएम आवास तथा प्रधानमंत्री जन मन जैसी योजनाओं की स्थिति की समीक्षा की। साथ ही आजीविका मिशन के अंतर्गत महिला स्व-सहायता समूहों की गतिविधियों के बारे में जानकारी लेकर उन्हें और सक्रिय बनाने पर बल दिया।
नगरीय निकायों – सिवनी, बरघाट, लखनादौन, केवलारी एवं छपारा – के सीएमओ से उन्होंने आवास प्लस एवं अमृत योजना अंतर्गत विकास कार्यों की प्रगति, कायाकल्प योजनाओं के कार्यान्वयन, अतिक्रमण हटाने, टैक्स बकाया वसूली तथा अन्य शहरी समस्याओं पर जानकारी प्राप्त की।

वन विभाग से पौधरोपण गतिविधियों एवं अन्य समस्याओं पर चर्चा की गई। वहीं शिक्षा विभाग से पहली कक्षा में प्रवेश की स्थिति, विगत बोर्ड परीक्षा परिणाम एवं सुधार की कार्ययोजना, साइकिल वितरण, स्कूली व लैपटॉप वितरण, एफएलएन गतिविधियां, बीईओ व बीआरसी के निरीक्षण की स्थिति, पीएम श्री एवं सीएम स्कूलों के संचालन, निर्माणाधीन सीएम राइस व छात्रावास भवनों की जानकारी ली।
सामाजिक न्याय विभाग को निर्देश दिए गए कि चिन्हांकित दिव्यांग बच्चों के लिए स्कूलवार शिविर आयोजित किए जाएं। आगामी 6 अक्टूबर से एल्मको द्वारा आयोजित होने वाले कृत्रिम उपकरण वितरण शिविरों की तैयारियों की समीक्षा करते हुए उन्होंने सभी सीईओ जनपदों को हितग्राहियों के लिए सुगम आवागमन सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही शिविर दिवस पर ही दिव्यांगजनों को यूडीआईडी कार्ड प्रदान करने की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।”
बैठक में कलेक्टर श्रीमती पटले ने अन्य विभागों के भी विभागीय योजनाओं की समीक्षा कर आवश्यक दिशा निर्देश दिए।
बैठक में कलेक्टर श्रीमती पटले ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक समयबद्ध रूप से पहुंचे। उन्होंने कहा कि विभागीय लक्ष्यों की प्राप्ति सुनिश्चित की जाए और विकास कार्यों को प्राथमिकता के साथ गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा किया जाए।








