
डिंडौरी में हुआ ‘स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार अभियान’ का शुभारंभ
प्रधानमंत्री ने धार जिले से किया राष्ट्रीय पोषण माह और पीएम मातृ वंदना योजना का लोकार्पण
डिंडौरी : 17 सितंबर, 2025
माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने 17 सितम्बर 2025 को मध्यप्रदेश के धार जिले से “स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार अभियान” का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने आठवें राष्ट्रीय पोषण माह और प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के अंतर्गत मातृत्व लाभ वितरण का भी लोकार्पण किया। कार्यक्रम का सीधा प्रसारण वेबकास्ट के माध्यम से प्रातः 11ः30 बजे से दोपहर 1ः30 बजे तक किया गया, जिसमें डिंडौरी जिले के अधिकारी, कर्मचारी एवं आमजन उत्साहपूर्वक शामिल हुए।
जिले में महिला एवं बाल विकास विभाग के मार्गदर्शन में सभी डीपीओ, सीडीपीओ, सुपरवाइजर, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, सहायिका, वन स्टॉप सेंटर, हब फॉर एंपॉवरमेंट ऑफ वूमेन, शक्ति सदन, सखी निवास, सीसीआई, सीडब्ल्यूसी और जेजेपी के अधिकारी/कर्मचारी इस कार्यक्रम से जुड़े। साथ ही सरकारी अस्पतालों, पीएचसी, एएनएम और आशा कार्यकर्ताओं ने भी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की।
समूह सहभागिता को बढ़ावा देने के लिए जिले के विभिन्न कार्यालयों, सम्मेलन कक्षों और ऑडिटोरियमों में सामूहिक प्रसारण की व्यवस्था की गई। इसके अलावा पंचायत भवन, कॉमन सर्विस सेंटर और स्थानीय निकायों में भी कार्यक्रम का प्रसारण किया गया, जिससे अधिक से अधिक लोग इससे जुड़ सके।
महिला एवं बाल विकास विभाग के साथ-साथ जिले के अन्य विभाग जैसे ग्रामीण विकास, कृषि, शिक्षा, युवा एवं खेल, संस्कृति और कौशल विकास के अधिकारी-कर्मचारी भी जुड़े। वहीं महिला स्वयं सहायता समूहों, माय भारत स्वयंसेवकों और शिक्षकों ने भी उत्साहपूर्वक भागीदारी कर अभियान को सफल बनाया।














