
धार्मिक पर्वों को शांति एवं आपसी सद्भाव के साथ मनाएं
जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक में कलेक्टर श्री गुप्ता ने की अपील
खंडवा 26 अगस्त, 2025 – आगामी दिनों में मनाए जाने वाले गणेशोत्सव और मिलाद-उन-नबी पर्वों को ध्यान में रखते हुए जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक कलेक्टर श्री ऋषव गुप्ता की अध्यक्षता में मंगलवार शाम को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में संपन्न हुई। बैठक में पुलिस अधीक्षक श्री मनोज कुमार राय, विधायक प्रतिनिधि श्री मुकेश तन्वे, पूर्व जिला भाजपा अध्यक्ष श्री सेवादास पटेल और श्री हरीश कोटवाले, श्री धर्मेंद्र बजाज, अपर कलेक्टर श्री अरविंद चौहान, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री महेन्द्र तारणेकर व श्री राजेश रघुवंशी, एसडीएम श्री बजरंग बहादुर सहित अन्य अधिकारी जनप्रतिनिधि और शांति समिति के सदस्यगण मौजूद थे।
पीडब्ल्यूडी और नगर निगम आज रात में ही सड़कों के गड्ढे भरवाएं बैठक में कलेक्टर श्री गुप्ता ने सभी से अपील की कि गणेश उत्सव के लिए मिट्टी की मूर्तियां ही अपने घरों में स्थापित करें। उन्होंने गणेश उत्सव के दौरान लगाई जाने वाली झांकियों और पंडालों में अस्थाई विद्युत कनेक्शन विधिवत लिया जाए। उन्होंने कहा कि गणेश उत्सव के दौरान पंडालों और झांकियों के कारण यातायात बाधित ना हो, यह सुनिश्चित किया जाए। कलेक्टर श्री गुप्ता ने लोक निर्माण विभाग और नगर निगम के अधिकारियों को निर्देश दिए कि आज रात में ही शहर की सभी सड़कों पर गड्ढे भरने की कार्यवाही की जाए। उन्होंने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को गणेश प्रतिमा विसर्जन स्थल पर डॉक्टर सहित एंबुलेंस तैनात रखने के निर्देश भी दिए। कलेक्टर श्री गुप्ता ने सभी आयोजकों से पंडालों में डस्टबिन रखवाने और सीसीटीवी कैमरे लगवाने के लिए भी कहा।
अस्त्र-शस्त्रों के प्रदर्शन, डीजे तथा विवादास्पद नारों पर रहेगा प्रतिबंध बैठक में पुलिस अधीक्षक श्री राय ने कहा कि चल समारोह और झांकियां निर्धारित समय पर निकल जाएं, यह सभी आयोजक सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि चल समारोहों में धारदार हथियारों व अस्त्र शस्त्रों के प्रदर्शन, विवादास्पद नारे लगाने और डीजे पर पूर्णतः प्रतिबंध है। सभी इस बात का ध्यान रखें। उन्होंने कहा कि चल समारोह व जुलूस में शरारती तत्व शामिल ना हों, यह सभी आयोजक सुनिश्चित करें, अन्यथा संबंधित के विरूद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
विधायक प्रतिनिधि श्री तन्वे ने इस अवसर पर शहर के विभिन्न मार्गों पर बने अमानक स्तर के स्पीड ब्रेकर हटाकर निर्धारित मानक अनुसार स्पीड ब्रेकर बनवाने का अनुरोध किया। उन्होंने सभी झांकी आयोजकों से चल समारोह के दौरान निर्धारित समय पर झांकी निकालने और पांडालों में स्वयंसेवक तैनात करने के लिए भी कहा।क्यूआर कोड स्कैन कर पुलिस को दर्ज करा सकते हैं अपनी शिकायत पुलिस अधीक्षक श्री राय ने बैठक में बताया कि इस बार पुलिस प्रशासन ने क्यू. आर. कोड स्कैन कर पुलिस को अपनी शिकायत दर्ज कराने की सुविधा प्रारंभ करने का नवाचार किया है। उन्होंने बताया कि धार्मिक पर्वों के दौरान शहर के प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर क्यू. आर. कोड प्रदर्शित करने वाले बोर्ड लगाए जाएंगे। कोई भी व्यक्ति आपराधिक तत्वों के सम्बंध में शिकायत करना चाहता है, तो अपने मोबाइल से क्यू.आर. कोड स्कैन कर निर्धारित आवेदन के माध्यम से अपनी शिकायत निकटतम पुलिस थाने में दर्ज करा सकता है।













