किशोर दा की शिक्षस्थली इंदौर से जन्मस्थली खंडवा तक केकेसी क्लब की 4 अगस्त को संगीतमय यात्रा।
किशोर का चिंतन के सभी साथी समाधि स्थल पर पहुंचकर गीतों के माध्यम से दादा को देंगे श्रद्धांजलि।
केकेसी क्लब संगीत सेवा सहारा की टीम द्वारा गायन और सम्मान के क्षेत्र में 11 बार विश्व रिकॉर्ड बनाया है।
खंडवा। देश के महान गायक हर फन मौला कलाकार किशोर दा जिन्होंने खंडवा की इस माटी में जन्म लेकर अपनी गायकी और कला के माध्यम से देश ही नहीं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर खंडवा का नाम रोशन किया। उनके गाए हजारों गीत आज बच्चे से लेकर बड़े-बुजूर्ग तक गुनगुनाते हैं। किशोर दा का जन्म दिवस 4 अगस्त और 13 अक्टूबर उनकी पुण्यतिथि पर खंडवा में देश भर के किशोर प्रेमी समाधि स्थल पर पहुंचकर गीतों के माध्यम से दादा को श्रद्धांजलि अर्पित करते हैं। समाजसेवी व किशोर प्रेरणा मंच के प्रवक्ता सुनील जैन ने बताया कि 4 अगस्त को समाधि स्थल पर नगर निगम प्रशासन एवं किशोर प्रेरणा मंच के संयुक्त तत्वावधान में प्रातः काल दूध जलेबी का भोग लगाकर दिनभर किशोर प्रेमी गीतों के माध्यम से किशोर दा को श्रद्धांजलि अर्पित करते हैं। किशोर दा के जन्म दिवस के अवसर पर प्रतिवर्ष अनुसार इस वर्ष भी किशोर का चिंतन केकेसी क्लब इंदौर द्वारा किशोर दा की शिक्षस्थली से जन्मस्थली खंडवा तक की यह आठवीं संगीतमय यात्रा किशोर कुमार के जन्मदिन 4 अगस्त सोमवार को इंदौर से खंडवा के लिए प्रस्थान करेगी, विगत 8 वर्षो से इंदौर से खंडवा संगीतमय यात्रा आ रही है जिसमे किशोर दा की समाधी स्थल पर गीत गाने का अवसर सभी सदस्यों को प्राप्त होता है। यह संगीतमय यात्रा 4 अगस्त को सुबह 7 बजे क्रिश्चियन कॉलेज जहा से किशोर दा ने शिक्षा प्राप्त की वहां से रवाना होगी। समाधि स्थल पर गीतों के साथ शहर के अन्य स्थानों पर कार्यक्रमों मे पहुंचकर किशोर दा के पुश्तैनी मकान पर भी जाकर गीत गाएंगे। रास्ते भर बस में भी किशोर दा के गीतों की बरसात होगी और नाश्ता, ककड़ी भुट्टे के स्वाद के साथ साथ स्वादिष्ट भोजन और जलेबी का भी लुत्फ उठाएंगे। प्रवक्ता सुनील जैन ने बताया कि केकेसी क्लब संगीत सेवा सहारा के संस्थापक अध्यक्ष दीपक पाठक और उनकी टीम ने लगातार 5 से 7 दिनों तक गायकी का प्रदेश के अलग-अलग स्थानों पर कार्यक्रम आयोजित कर 11 बार गायन और सम्मान के क्षेत्र में विश्व रिकॉर्ड बनाया है। किशोर दा की जन्मस्थली खंडवा में भी तीन दिवसीय लगातार गानों का यह कार्यक्रम आयोजित हो चुका है।









