
राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा जारी समय अनुसूची अनुसार गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में आज सरपंच के 1 और पांच के 1 पद पर शांतिपूर्ण उप चुनाव संपन्न हुआ, जबकि पंच के 6 पदों पर निर्विरोध चुनाव हुआ। जिला निर्वाचन कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार जनपद पंचायत पेंड्रा के ग्राम पंचायत मुरमुर में सरपंच पद हेतु तथा जनपद पंचायत मरवाही के ग्राम भर्रीडांड में पंच पद हेतु उप निर्वाचन संपन्न हुआ। ग्राम बसंतपुर, कोडगार, भर्रीडांड़, धनौरा, पथर्री और रूमगा में पंच के एक एक पद पर निर्विरोध चुनाव संपन्न हुआ।
ग्राम पंचायत मुरमुर में पुरुष मतदाता 842, महिला 831 कुल 1673 मतदाता में से पुरुष 686, महिला 651 कुल 1337 वोट डाले गए, वोट प्रतिशत 79.92 रहा। इसी प्रकार ग्राम भर्रीडांड में पुरुष मतदाता 46, महिला 50, कुल 76 में से पुरुष 30, महिला 37, कुल 67 वोट डाले गए, वोट प्रतिशत 88.16 रहा। मतों की गणना मतदान केंद्रों में की गई एवं बिना किसी व्यवधान के शांतिपूर्वक निर्वाचन संपन्न कराया गया।












