
पेंड्रा में एक युवक की संदिग्ध मौत के बाद रविवार को माहौल तनावपूर्ण हो गया। मृतक के परिजनों और स्थानीय लोगों ने हत्या की आशंका जताते हुए शव को दुर्गा चौक पर रखकर चक्काजाम कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस से हत्या का मामला दर्ज कर निष्पक्ष जांच की मांग की। कई घंटों तक चले विरोध प्रदर्शन के कारण यातायात व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित रही। बाद में प्रशासन और पुलिस अधिकारियों की समझाइश के बाद प्रदर्शन समाप्त हुआ।
जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान सुरेंद्र कश्यप के रूप में हुई है, जो पेशे से बोरवेल मिस्त्री था। उसका शव पेंड्रा के घसियापारा क्षेत्र में संदिग्ध परिस्थितियों में मिला। घटना की खबर मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और मौत को संदिग्ध बताते हुए हत्या की आशंका व्यक्त की।
परिजनों का आरोप है कि सुरेंद्र की मौत सामान्य नहीं है, बल्कि उसके पीछे किसी सुनियोजित साजिश की संभावना है। इसी मांग को लेकर बड़ी संख्या में लोग शव लेकर पेंड्रा के व्यस्ततम दुर्गा चौक पहुंचे और सड़क पर शव रखकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। चक्काजाम के कारण दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और आम लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
मृतक के भाई राजेंद्र कश्यप ने पूरे मामले को संदिग्ध बताते हुए कई सवाल खड़े किए हैं। उनका कहना है कि परिवार को पहले जानकारी दी गई थी कि सुरेंद्र का शव नाली में मिला है, जबकि घटनास्थल पर कोई नाली मौजूद नहीं थी।
उन्होंने बताया कि सुरेंद्र का शव एक आम के पेड़ के सहारे टिका हुआ मिला, जबकि उसकी मोटरसाइकिल कुछ दूरी पर खड़ी थी। इसके अलावा उसके काम में उपयोग होने वाले औजार, पर्स और अन्य सामान भी मौके से गायब थे। राजेंद्र का आरोप है कि जब सुरेंद्र की पत्नी ने उसके मोबाइल पर कॉल किया तो फोन किसी अज्ञात व्यक्ति ने उठाया। इन परिस्थितियों को देखते हुए परिवार हत्या की आशंका जता रहा है और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग कर रहा है।
प्रशासन की समझाइश के बाद समाप्त हुआ प्रदर्शन
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस बल तैनात किया गया। प्रशासन और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों से चर्चा कर उन्हें शांत कराने का प्रयास किया। काफी देर तक चली बातचीत के बाद परिजन प्रदर्शन समाप्त करने और शव का अंतिम संस्कार करने के लिए तैयार हुए।
पुलिस ने कहा- सभी पहलुओं की होगी जांच
मामले में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अविनाश मिश्रा ने बताया कि शनिवार रात पेंड्रा के सारथी मोहल्ला क्षेत्र में एक व्यक्ति अचेत अवस्था में पड़ा मिला था। सूचना मिलने पर डायल-112 की टीम उसे जिला अस्पताल लेकर पहुंची, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
एएसपी ने बताया कि थाना पेंड्रा में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी गई है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया था। परिजनों द्वारा हत्या की आशंका जताए जाने के बाद पुलिस सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच कर रही है।
उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। यदि जांच में हत्या की पुष्टि होती है तो दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के निष्कर्षों का इंतजार है, जबकि मृतक का परिवार मामले की निष्पक्ष जांच और न्याय की मांग पर अड़ा हुआ है।












