
खंडवा को टीबी नियंत्रण में उत्कृष्ट कार्य के लिए प्राप्त हुआ प्रशंसा पत्र
खंडवा 06 जून, 2025 – राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन, म.प्र. द्वारा खंडवा जिले को 100 दिवसीय निक्षय शिविर अभियान के तहत टीबी उन्मूलन की गतिविधियों के सफल क्रियान्वयन के लिए प्रशंसा पत्र प्रदान किया गया है। यह सम्मान जिले में संचालित राष्ट्रीय क्षय उन्मूलन कार्यक्रम के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए दिया गया है। जिला क्षय अधिकारी डॉ. राठौड़ ने बताया कि 100 दिवसीय निक्षय शिविर अभियान जिले में 7 दिसंबर 2024 से 24 मार्च 2025 तक चलाया गया था। इस दौरान जिले में कमजोर व उच्च जोखिम वाले मरीजों की स्क्रीनिंग कर टीबी रोगियों की खोज, संपर्क परीक्षण, नॉट आधारित जांच, मरीजों के एक्स-रे, मरीजों की मॉनिटरिंग, पोषण हेतु फूड बास्केट वितरण, निक्षय मित्र के माध्यम से सहयोग प्रदान करने, साथ ही जनभागीदारी गतिविधियाँ एवं रिकॉर्ड संधारण जैसे अनेक कार्य प्रभावी रूप से संपादित किए गए। इन प्रयासों से जिले में टीबी उन्मूलन के लिए ठोस परिणाम प्राप्त हुए हैं। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन की ओर से पत्र में विशेष रूप से खंडवा जिले की टीम की निष्ठा, विशेषज्ञता एवं अग्रिम पंक्ति के कर्मियों की प्रतिबद्धता की सराहना की गई है।पत्र में उम्मीद जताई गई है कि खंडवा जिला आने वाले समय में भी सामुदायिक स्तर पर टीबी उन्मूलन की दिशा में उल्लेखनीय योगदान देता रहेगा। खंडवा जिले की यह उपलब्धि “टीबी हारेगा, देश जीतेगा” संकल्प को और भी मजबूत करती है।








