
हरसूद में दर्दनाक हादसा: अज्ञात युवक की ट्रेन से गिरकर मौत, समाजसेवियों ने किया अंतिम संस्कार।
खंडवा। खंडवा जिले के हरसूद रेलवे स्टेशन के समीप एक बेहद मार्मिक और संवेदनशील मामला सामने आया है। ट्रेन से गिरकर गंभीर रूप से घायल हुए एक अज्ञात युवक की उपचार के दौरान मौत हो गई। कई दिनों तक पहचान नहीं होने और परिजनों के सामने नहीं आने पर स्थानीय समाजसेवियों ने मानवता का परिचय देते हुए मृतक का ससम्मान अंतिम संस्कार कराया।
ट्रेन से गिरकर हुआ था गंभीर घायल
समाजसेवी सुनील जैन ने बताया कि प्राप्त जानकारी के अनुसार 4 मई को हरसूद रेलवे स्टेशन के पास करीब 35 से 40 वर्षीय अज्ञात व्यक्ति ट्रेन से गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया था। घटना की सूचना मिलते ही उसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हरसूद पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद हालत नाजुक होने पर चिकित्सकों ने उसे श्री दादाजी धूनीवाले जिला चिकित्सालय खंडवा रेफर कर दिया। इलाज के दौरान युवक ने दम तोड़ दिया।
पुलिस को मिले पहचान के अहम सुराग
जीआरपी पुलिस द्वारा मृतक की पहचान के प्रयास लगातार किए जा रहे हैं। पुलिस को युवक के पास से 3 मई 2026 का बोइसर से तिलकनगर (मुंबई) तक का लोकल रेलवे टिकट मिला है। इसके अलावा मृतक के दाहिने हाथ पर हिंदी में ‘महाकाल’ और ‘ॐ’ का टैटू बना हुआ है, जिसे पहचान का महत्वपूर्ण आधार माना जा रहा है। समाजसेवी सुनील जैन ने बताया कि जीआरपी ने मर्ग क्रमांक 9/26 धारा 194 बीएनएसएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
समाजसेवियों ने निभाई मानवता की मिसाल
परिजनों का कोई पता नहीं चलने पर 8 मई 2026 को राजा हरिश्चंद्र मुक्तिधाम में युवक का विधि-विधान से अंतिम संस्कार किया गया। इस दौरान समाजसेवी भूपेंद्र सिंह चौहान, जुबैर पटेल, आशिक पंवार, रियासत अली एवं मोहम्मद मुबारक पटेल उपस्थित रहे। अंतिम संस्कार स.उ.नि. शोभाराम वटके की मौजूदगी में संपन्न हुआ।
पहचान होने पर पुलिस से संपर्क की अपील
पुलिस ने आमजन से अपील की है कि यदि कोई व्यक्ति मृतक के हुलिए, टैटू या अन्य जानकारी के आधार पर उसे पहचानता हो, तो तत्काल जीआरपी थाना हरसूद अथवा खंडवा पुलिस से संपर्क करें, ताकि मृतक की पहचान कर उसके परिजनों तक सूचना पहुंचाई जा सके।









