छपारामध्यप्रदेशसिवनी

पीएम आवास योजना से वंचित हितग्राहियों की समस्या को लेकर पार्षदों ने कलेक्टर से की मुलाकात

छपारा (सिवनी)। नगर परिषद छपारा के विभिन्न वार्डों में वर्षों से निवास कर रहे कई गरीब परिवार आज भी शासन की महत्वाकांक्षी प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभ से वंचित हैं। इस गंभीर समस्या को लेकर नगर परिषद के पार्षदों ने गुरुवार, 23 अप्रैल को कलेक्टर नेहा मीना से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा।
पार्षदों ने कलेक्टर को अवगत कराया कि नगर के सभी 15 वार्डों में कई परिवार पिछले 30 वर्षों से अधिक समय से शासकीय आबादी भूमि पर पट्टे के आधार पर निवास कर रहे हैं। ये परिवार नियमित रूप से नगर परिषद को करों का भुगतान भी कर रहे हैं, इसके बावजूद त्रुटिपूर्ण राजस्व रिकॉर्ड, सर्वे में गड़बड़ी, मद परिवर्तन और नक्शा सुधार कार्य लंबित होने के कारण उन्हें योजना से वंचित कर दिया गया है।
पार्षदों ने बताया कि प्रभावित परिवारों में अधिकांश अनुसूचित जाति, जनजाति एवं आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लोग शामिल हैं, जो मजदूरी कर अपना जीवन यापन कर रहे हैं। वर्तमान में ये लोग कच्चे मकानों में रहने को मजबूर हैं और आवश्यक दस्तावेज होने के बावजूद तकनीकी कारणों से उन्हें योजना का लाभ नहीं मिल पा रहा है।
कलेक्टर ने पार्षदों की बातों को गंभीरता से सुना और संबंधित मामलों की जांच कर शीघ्र निराकरण का आश्वासन दिया।

Show More
Back to top button
error: Content is protected !!