
खण्डवा//

महापौर श्रीमती अमृता अमर यादव के नेतृत्व में प्रदेश शासन की महत्वाकांक्षी मुख्यमंत्री कन्या विवाह एवं निकाह योजना के अंतर्गत 19 अप्रैल 2026 को पावन पर्व अक्षय तृतीया के अवसर पर आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की तैयारियों को लेकर आज नगर निगम कार्यालय में समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में महापौर श्रीमती अमृता अमर यादव जी ने तैयारियों का विस्तृत जायजा लेते हुए कार्यक्रम स्थलों की व्यवस्थाओं, आवश्यक संसाधनों एवं व्यवस्थापन संबंधी सभी बिंदुओं पर अधिकारियों से जानकारी प्राप्त की। उन्होंने वर-वधु जोड़ों के लिए संचालित इस महत्वाकांक्षी योजना के प्रभावी क्रियान्वयन, सुव्यवस्थित एवं गरिमामयी आयोजन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
महापौर श्रीमती यादव ने विशेष रूप से निर्देशित किया कि कार्यक्रम स्थलों पर अग्निशमन वाहन, पेयजल एवं अन्य मूलभूत सुविधाएं समयपूर्व उपलब्ध कराई जाएं, ताकि आयोजन पूर्णतः सुरक्षित, व्यवस्थित एवं सुचारू रूप से संपन्न हो सके।
उल्लेखनीय है कि 19 अप्रैल को प्रातः 8:00 बजे से नवचंडी मेला ग्राउंड में मुख्यमंत्री कन्या विवाह सम्मेलन आयोजित किया जाएगा, जिसमें 92 जोड़ों का विवाह संपन्न होगा। वहीं प्रातः 10:00 बजे से गुलमोहर कॉलोनी, सरोजिनी नायडू वार्ड में मुख्यमंत्री कन्या निकाह कार्यक्रम आयोजित होगा, जिसमें 14 जोड़े सम्मिलित होंगे।
बैठक में विभाग अध्यक्ष वरुण विक्की बावरे, विभाग प्रभारी अधिकारी नवनीत शुक्ला, सामाजिक सुरक्षा विस्तार अधिकारी प्रेम प्रीत कौर, विजय विश्वकर्मा, विकास मिश्रा, दीपिका जयसवाल,उषा पवार,योगेश शुक्ला सहित योजना विभाग के समस्त कर्मचारी उपस्थित रहे।
महापौर श्रीमती अमृता अमर यादव जी ने सभी अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए इस महत्वपूर्ण आयोजन को सफल बनाने के निर्देश दिए।









