
श्री राम भक्त हनुमान जी की जयंती महोत्सव 2 अप्रैल को।
खेड़ापति हनुमान मंदिर में दो दिवसीय श्री हनुमान महोत्सव आज से प्रारंभ।
खंडवा। पूरे शहर में हनुमान मंदिरों में 2 अप्रैल को श्री राम भक्त हनुमान जी की जन्म जयंती महोत्सव धार्मिक उत्सव के साथ मनाया जाएगा इस अवसर पर दर्शन पूजा अर्चना के साथ कई स्थानों पर भंडारे भी आयोजित होंगे।
शहर के गणेश तलाई स्थित श्री खेड़ापति हुनमान मंदिर में श्री हनुमान जन्म महोत्सव 1 एवं 2 अप्रैल को मनाया जाएगा। समाजसेवी सुनील जैन ने बताया कि 1 अप्रैल बुधवार को प्रात: 6.00 बजे श्री अखण्ड रामायण पाठ प्रारम्भ होगा एवं पाठ की समाप्ती 2 अप्रैल गुरुवार को प्रात: 5.00 बजे होगी। पश्चात् श्री बालाजी भजन मण्डल द्वारा प्रात: 5.00 बजे से 6.00 बजे तक भजनों की मनमोहक प्रस्तुती दी जावेगी। 2 अप्रैल गुरुवार को प्रात: 6.00 बजे श्री हनुमान जी की जन्म आरती की जावेगी। प्रात: 8.00 बजे से 10.00 बजे तक हवन होगा। दोपहर 11.00 बजे श्री हनुमान जी की भोग आरती की जावेगी जिसमें भगवान को छप्पन भोग लगाया जावेगा। दोपहर 1.00 से 3.00 बजे तक श्री हनुमान जी का पंचामृत (दूध, दही, घी, शहद, शक्कर) से वैदिक मंत्रौच्चार द्वारा महा अभिषेक किया जावेगा। सायं 05.30 बजे श्री हनुमान जी की विशेष शृंगार आरती की जावेगी एवं उत्सव की महाआरती रात्रि 8.30 बजे की जावेगी।
उत्सव के दौरान मंदिर में आकर्षक विद्युत सज्जा की गई है।
मंदिर के पंडित संतोष शुक्ला ने बताया कि यह स्थान अति प्राचीन होने के साथ ही श्री हनुमान जी की मूर्ति स्वंय प्रकट होने तथा मूर्ति पीपल के खोड़ में से प्रकट होने के कारण इस स्थान को खोड्या हनुमान के नाम से भी जाना जाता है। इस स्थान की मान्यता है कि श्री हनुमान जी के समक्ष श्रीफल (नारियल) भेंट कर अर्जी लगाई जाती है। अर्जी स्वीकार होने पर श्री हनुमान जी का चोला पूजन किया जाता है।
भक्तों द्वारा मनोकामना पूर्ण होने पर मंदिर में सवांमनी (भण्डारा) का आयोजन भी किया जाता है। पंडित श्री शुक्ल ने बताया कि भक्तो की राशियों पर होने वाले शनि, राहु, केतु व अन्य गृहों के दुष्प्रभाव से बचने के लिए श्री खेड़ापति हनुमान जी को श्रीफल भेंट कर अर्जी लगाकर गृहों के दुष्प्रभाव से बचने की प्रार्थना भी की जाती है। जिसका विशेष फल भी भक्तों को प्राप्त होता है।
मंदिर में प्रति शनिवार एवं मंगलवार को भक्तों की मनोकामना पूर्ण होने पर श्री हनुमान जी का चोला पूजन किया जाता है। मंदिर के पुजारी संतोष शुक्ला ने सभी धर्म प्रेमी बंधुओ से हनुमान जयंती पर आयोजित महोत्सव में उपस्थित उपस्थित होकर पुण्य प्राप्त करने का अनुरोध किया है।










