
भोपाल में मंत्री से मिलीं विधायक कंचन तनवे, खंडवा विकास को लेकर सौंपा पत्र।
विकास की गति को लेकर खंडवा विकास प्राधिकरण के गठन की मांग को प्रमुखता से रखा।
खंडवा। सोमवार को भोपाल में तीन प्रांतो के युवा विधायकों के सम्मेलन में शामिल होने भोपाल पहुंची विधायक श्रीमती कंचन मुकेश तनवे ने मंगलवार को भोपाल में नगरीय प्रशासन एवं विकास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय से आत्मीय भेंट की। इस दौरान उन्होंने खंडवा शहर के विकास से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की। समाजसेवी व प्रवक्ता सुनील जैन ने बताया कि खंडवा विधानसभा क्षेत्र के विकास के लिए लगातार सक्रिय रहने वाली खंडवा विधायक कंचन मुकेश तंनवे ने 2 दिन की आयोजित युवा विधायक सम्मेलन में उपस्थिति दर्ज कराकर अपनी बात भी रखी। विधायक तनवे ने मंत्री श्री विजयवर्गीय से मुलाकात कर शहर विकास के साथ खंडवा विकास प्राधिकरण के गठन की मांग रखते हुए कहा कि इससे शहर के नियोजित विकास को गति मिलेगी। साथ ही उन्होंने खंडवा में निर्माणाधीन फ्लाईओवर ब्रिज के कार्य की अत्यधिक धीमी प्रगति पर चिंता व्यक्त की।
उन्होंने मंत्री को अवगत कराया कि फ्लाईओवर निर्माण में देरी के कारण शहर में आवागमन एवं यातायात व्यवस्था प्रभावित हो रही है, जिससे आम नागरिकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। प्रवक्ता सुनील जैन ने बताया कि विधायक ने मंत्री श्री विजयवर्गीय को पत्र सौंपकर फ्लाईओवर निर्माण कार्य को शीघ्रता से पूर्ण कराने एवं निर्धारित समय सीमा में कार्य पूरा करने का अनुरोध किया।
मंत्री ने विधायक को सकारात्मक आश्वासन देते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश देने की बात कही।









