
भोपाल में युवा विधायकों का मंथन जारी, पहले सत्र में शामिल हुईं खंडवा विधायक कंचन तनवे।
खंडवा। मध्यप्रदेश विधानसभा में आयोजित युवा विधायकों के दो दिवसीय सम्मेलन का पहला दिन सोमवार को संपन्न हुआ। इस सम्मेलन में खंडवा विधायक कंचन तनवे भी शामिल हुईं और लोकतंत्र को मजबूत बनाने में युवाओं की भूमिका पर आयोजित पहले सत्र में भाग लिया। समाजसेवी और प्रवक्ता सुनील जैन ने बताया कि सम्मेलन में मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़ और राजस्थान के 45 वर्ष तक की उम्र के 55 विधायक शामिल हैं। पहले दिन “लोकतंत्र और नागरिकों की भागीदारी को मजबूत करने में युवा विधायकों की भूमिका” विषय पर विस्तृत मंथन हुआ, युवा विधायकों को विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर राजस्थान के अध्यक्ष श्री देवनानी मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव के साथ संसदीय कार्य मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने विधायकों की भूमि पर भूमिका पर अपने विचार व्यक्त किया। जनप्रतिनिधि की लोकप्रियता किस प्रकार बढ़ती है को लेकर भी चर्चा की गई। आयोजित कार्यक्रम में प्रदेश एवं विभिन्न राज्यों के विधायकों ने अपने अनुभव साझा किए।
विधायक कंचन तनवे ने भी अपने क्षेत्र से जुड़े अनुभवों और जनसहभागिता के प्रयासों को साझा करते हुए लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं में युवाओं की भागीदारी बढ़ाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि एक चुने हुए जनप्रतिनिधि का दायित्व क्षेत्र का विकास एवं क्षेत्र की जनता की समस्याओं का निराकरण करना है तभी वह स्थाई रूप से आगे बढ़ सकता है। प्रवक्ता सुनील जैन ने बताया कि सम्मेलन का दूसरा सत्र मंगलवार को आयोजित होगा, जिसमें “विकसित भारत 2047: युवा विधायकों के दायित्व एवं चुनौतियां” विषय पर चर्चा की जाएगी।
इस सम्मेलन को युवा नेतृत्व को दिशा देने और भविष्य की राजनीति में उनकी भूमिका तय करने के लिए महत्वपूर्ण मंच माना जा रहा है।










