
पंधाना में कांग्रेस का विरोध प्रदर्शन, बढ़ती महंगाई के खिलाफ एवं किसानों की ऋण वसूली की निर्धारित तिथि को आगे बढ़ाए जाने हेतु
जिला कांग्रेस अध्यक्ष के नेतृत्व में एसडीएम को सौंपा ज्ञापन
खंडवा/पंधाना
जिला कांग्रेस अध्यक्ष उत्तमपाल सिंह के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा सोमवार को पंधाना में केंद्र एवं राज्य सरकार की नीतियों के विरोध में जोरदार प्रदर्शन किया गया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने रैली निकालकर गैस सिलेंडर की लगातार बढ़ती कीमतों, बिजली दरों में अप्रत्याशित वृद्धि तथा पेट्रोल-डीजल की कमी को लेकर अपना रोष व्यक्त किया।
प्रदर्शन के पश्चात कांग्रेसजनों ने राज्यपाल महोदय के नाम एसडीएम दिनेश सावले को ज्ञापन सौंपते हुए मांग की कि आम जनता पर बढ़ते आर्थिक बोझ को तत्काल कम किया जाए। नेताओं ने कहा कि महंगाई लगातार बढ़ रही है, जिससे आम नागरिकों का जीवन यापन मुश्किल होता जा रहा है।
जिला कांग्रेस प्रवक्ता प्रेमांशु जैन ने बताया कि इस समस्या के साथ ही भगवन्त सागर (सुक्ता डेम) से कमाण्ड क्षेत्र के किसानों को शीघ्र पानी उपलब्ध कराने एवं पंधाना तहसील के दीवाल क्षेत्र में पेयजल समस्या के निराकरण के संबंध में भी ज्ञापन सौपा गया।पंधाना क्षेत्र की सुक्ता नहर परियोजना से जुड़े गांवों में वर्तमान समय में रबी की फसल पकने की अवस्था में है, किन्तु पानी की अनुपलब्धता के कारण फसल सूखने की स्थिति में पहुंच चुकी है। यदि शीघ्र पानी उपलब्ध नहीं कराया गया, तो किसानों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ेगा।ज्ञात हो कि इस वर्ष कमाण्ड क्षेत्र के लिए निर्धारित 5 पानी के स्थान पर केवल 4 पानी ही दिए गए है, जिसके कारण समय से पूर्व ही जल संकट उत्पन्न हो गया है।
इसके अतिरिक्त, पंधाना ब्लॉक के अधिकांश गांवों, विशेषकर दीवाल क्षेत्र में पेयजल की अत्यंत गंभीर समस्या बनी हुई है। ग्रामीण जनता एवं पशुओं के लिए भी पेयजल की भारी कमी हो रही है, जिससे जनजीवन प्रभावित हो रहा है।
इस अवसर पर जिला कांग्रेस अध्यक्ष उत्तमपाल सिंह ने कहा कि यदि सरकार ने जल्द ही इन समस्याओं का समाधान नहीं किया तो कांग्रेस पार्टी चरणबद्ध आंदोलन करेगी। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
पंधाना विधानसभा प्रत्याशी रुपाली बारे ने कहा कि सरकार द्वारा घरेलू गैस सिलेंडर के मूल्यों में की गई वृद्धि ने आम आदमी की रसोई का बजट बिगाड़ दिया है।कमरतोड महंगाई के कारण गरीब और मध्यम वर्गीय परिवार का जीवन निर्वाह कठिन हो गया है।राज्य सरकार द्वारा प्रस्तावित बिजली की दरों में की गई भारी बढ़ोतरी जनता पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ है.बिजली जैसी मूलभूत सुविधा के लिए अत्यधिक बिल वसूलना जनविरोधी कदम है।पेट्रोल और डीजल की अनुपलब्धता और इनकी बढ़ती कीमतों के कारण परिवहन और कृषि कार्य बुरी तरह प्रभावित हो रहे है। इससे दैनिक उपभोग की वस्तुओं के दाम भी बढ़ रहे हैं।ज्ञापन के माध्यम से कहा गया कि सेवा सहकारी समितियों द्वारा किसानों की ऋण वसूली की निर्धारित तिथि को वर्तमान परिस्थितियों को देखते हुए आगे बढ़ाया जाए, जिससे किसानों को आर्थिक राहत मिल सके
जिला कांग्रेस अध्यक्ष उत्तमपाल सिंह ने ज्ञापन के माध्यम से मांग करी की गैस सिलेंडर और बिजली की बढ़ी हुई दरों को तत्काल वापस लिया जाए,पेट्रोल और डीजल की पर्याप्त आपूर्ति सुनिश्चित की जाए और टैक्स में कटौती कर जनता को राहत दी जाए,महगाई पर अंकुश लगाने के लिए ठोस कदम उठाए जाए।जनहित को ध्यान में रखते हुए हमारी इन मांगों को राज्य एवं केंद्र सरकार तक पहुंचाने का कष्ट करें, ताकि जनता को इस आर्थिक मानसिक प्रताड़ना से मुक्ति मिल सके।
इस अवसर पर जिला कांग्रेस अध्यक्ष उत्तमपाल सिंह, पंधाना विधानसभा प्रत्याशी रूपाली बारे,आशाराम ठाकुर,संजू पटेल,मनोज भरतकर,शकील खा,वकील पठान,केदार पाटीदार,सत्येंद्र सिंह, आदित्य राज गोड़,भगवान सोलंकी,अरुण गोड़,हुकुमचंद पटेल,नुपूर जैन,नाना चौहान,पलाश जैन,जितेंद्र दिलावरे सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसजन मौजूद थे।











