

सिवनी। जिले में महिलाओं को Cervical Cancer से बचाने के उद्देश्य से किशोरी बालिकाओं के लिए HPV Vaccine टीकाकरण अभियान संचालित किया जा रहा है। शासकीय स्वास्थ्य संस्थानों में पात्र किशोरी बालिकाओं को क्वाड्रिवेलेंट एचपीवी वैक्सीन निःशुल्क लगाई जा रही है।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी Dr. Jaipal Singh ने बताया कि शासन के निर्देशानुसार जिले में पात्र किशोरी बालिकाओं का एचपीवी टीकाकरण किया जा रहा है। भारत में महिलाओं में होने वाला सर्वाइकल कैंसर दूसरा सबसे सामान्य कैंसर है और लगभग 99.7 प्रतिशत मामलों का कारण Human Papillomavirus (एचपीवी) होता है। वर्ष 2022 में देश में सर्वाइकल कैंसर के करीब 79,103 नए मामले और 34,805 मौतें दर्ज की गई थीं।
उन्होंने बताया कि एचपीवी वैक्सीन पूरी तरह सुरक्षित और प्रभावी है। विश्व के 159 देशों में अब तक 500 मिलियन से अधिक डोज लगाए जा चुके हैं और अब तक किसी गंभीर सुरक्षा समस्या की पुष्टि नहीं हुई है। बाजार में इस वैक्सीन की एक डोज की कीमत लगभग 4000 रुपये है, जबकि शासन द्वारा यह टीका शासकीय स्वास्थ्य केंद्रों में निःशुल्क उपलब्ध कराया जा रहा है।
डॉ. जयपाल सिंह ने बताया कि Government of India के वर्तमान दिशा-निर्देशों के अनुसार 14 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुकी लेकिन 15 वर्ष से कम आयु की किशोरी बालिकाओं को एचपीवी वैक्सीन की एक डोज लगाई जा रही है, जो एचपीवी संक्रमण से पर्याप्त सुरक्षा प्रदान करती है।
उन्होंने अभिभावकों से अपील की है कि वे अपनी पात्र बेटियों को नजदीकी शासकीय स्वास्थ्य केंद्रों में ले जाकर एचपीवी टीकाकरण अवश्य कराएं, ताकि भविष्य में उन्हें सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से सुरक्षित रखा जा सके।












