
होली, ईद-उल-फ़ितर, रामनवमी एवं अन्य महत्वपूर्ण आगामी त्योहारों को दृष्टिगत रखते हुए जिले में सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ रखने हेतु पुलिस कंट्रोल रूम मे आयोजित की गई बैठक

खंडवा, 25 फरवरी 2026
दिनांक 25.02.26 को पुलिस कंट्रोल रूम में पुलिस अधीक्षक खंडवा श्री मनोज कुमार राय द्वारा आगामी त्यौहारों भगोरिया पर्व, होली-धुलेंडी, रंग पंचमी, ईद-उल-फ़ितर, गणगौर पर्व एवं रामनवमी को लेकर जिले मे सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ रखने हेतु जिले के आसूचना संकलन अधिकारी एवं कर्मचारियों की बैठक आयोजित की गई, जिसमें अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) श्री महेंद्र तरणेकर, प्रशिक्षु आईपीएस श्री अमित कुमार, जिला विशेष शाखा प्रभारी निरीक्षक दिनेश भंवर, विशेष शाखा प्रभारी निरीक्षक रतन रंधावा, प्रभारी कंट्रोल रूम निरीक्षक सुनील कुमार गुप्ता सहित जिले के आसूचना संकलन के अधिकारी कर्मचारी उपस्थित रहे।
पुलिस अधीक्षक खंडवा द्वारा सभी थाना एवं चौकी प्रभारियों को त्योहार के पूर्व शांति समिति की बैठक के साथ-साथ आयोजकों के साथ बैठक लिए जाने के निर्देश दिए गए है। साथ ही संवेदनशील गाँव मे शांति समिति की बैठक ग्राम स्तर पर लिए जाने हेतु बताया गया है। आगामी त्योहारों को दृष्टिगत रखते हुए सभी थाना प्रभारियों को आपराधिक एवं असामाजिक तत्वों के विरुद्ध सख्त प्रतिबंधात्मक कार्यवाही किए जाने एवं बाउन्ड ओवर कराए जाने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही अलर्ट रहकर आपराधिक तत्वों पर कड़ी नजर रखने तथा त्योहार के समय भीड़ एवं संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त बल लगाए जाने की बात कही गई है।
पुलिस अधीक्षक खंडवा द्वारा होली, धुलेंडी, रंग पंचमी के त्यौहारों पर हुड़दंग करने वाले तीन सवारी, स्पीड मे वाहन चलाने वाले एवं शराब पीकर वाहन चलाने वाले की चेकिंग ब्रीथ एनालाइजर से की जाकर उनके विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई किए जाने के निर्देश दिए गए है। रंगों के त्योहार के दौरान हानिकारक केमिकल युक्त रंगों का प्रयोग वर्जित है, ऐसे रंगों की बिक्री करने वालों के विरुद्ध कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए हैं।
पुलिस अधीक्षक खंडवा द्वारा बताया गया है कि डी.जे प्रतिबंधित है अतः शासन की गाइडलाइन के अनुसार निर्धारित डेसीबल मे ध्वनि विस्तारक यंत्रों का प्रयोग किया जा सकेगा। सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक पोस्ट करने वाले असामाजिक तत्वों पर नजर रखने एवं उनके विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्यवाही किए जाने के निर्देश दिए गए है।
गत वर्ष गणगौर उत्सव के दौरान थाना छैगाँवमाखन के अंतर्गत ग्राम कोंडावत मे गणगौर माताजी के विसर्जन पूर्व कुए की सफाई के दौरान अप्रिय घटना घटित हुई थी, अतः इस वर्ष सुरक्षा को दृष्टिगत रखते हुए सीईओ जिला पंचायत खंडवा के माध्यम से ग्राम पंचायत स्तर पर साफ सफाई कराने के निर्देश सभी थाना प्रभारियों को दिए गए है, ताकि कोई अप्रिय घटना घटित न हो।
पुलिस अधीक्षक खंडवा श्री मनोज कुमार राय द्वारा जिले के नागरिकों से आगामी त्यौहारों को शांति एवं सौहार्द पूर्वक मनाए जाने की अपील की गई है।









