
गुरु-शिष्य मिलन समारोह में शिक्षाविद् एवं समाजसेवी प्रवीण शर्मा ‘गौरव रत्न सम्मान’ से सम्मानित
खंडवा। गुरु-शिष्य के आत्मीय रिश्ते को समर्पित ‘गुरु शिष्य मिलन समारोह एवं छात्र गौरव रत्न सम्मान’ का आयोजन रविवार को अक्षत्र गार्डन, नवकार नगर, खंडवा में किया गया। समारोह में शिक्षा, समाजसेवा एवं बाल संरक्षण के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए शिक्षाविद्, समाजसेवी एवं न्यायपीठ बाल कल्याण समिति खंडवा के अध्यक्ष प्रवीण शर्मा को ‘गौरव रत्न सम्मान’ से सम्मानित किया गया।
आयोजन समिति के डॉ. सुभाष चंद्र शर्मा, संजीव मंडलोई, जगदीशचंद्र चौरे, तनुजा जोशी एवं अर्चना तिवारी सहित वरिष्ठ गुरुजनों की गरिमामयी उपस्थिति में प्रवीण शर्मा को शॉल, श्रीफल, पुष्पमाला एवं स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर उनके शिक्षा, समाजसेवा तथा बाल संरक्षण के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की सराहना की गई।
समारोह में गुरुजनों के सम्मान के साथ उत्कृष्ट एवं प्रतिभावान विद्यार्थियों को भी ‘छात्र गौरव रत्न सम्मान’ प्रदान किया गया। आयोजन ने गुरु-शिष्य परंपरा की गरिमा को जीवंत करते हुए पुराने विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं साथियों को एक मंच पर आने और अपनी पुरानी यादों को ताजा करने का अवसर प्रदान किया।
कार्यक्रम का प्रभावी एवं गरिमापूर्ण संचालन अनिल अग्रवाल एवं प्रफुल्ल मंडलोई ने किया। दोनों संचालकों ने अपनी सहज एवं प्रभावशाली शैली से समारोह को आत्मीयता प्रदान की और गुरु-शिष्य संबंधों की महत्ता को रेखांकित किया।
सम्मान प्राप्त करने के बाद प्रवीण शर्मा ने आयोजन समिति एवं उपस्थित वरिष्ठ गुरुजनों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि “गुरु का आशीर्वाद जीवन की सबसे बड़ी पूंजी है। गुरुजनों के सान्निध्य में मिला यह सम्मान मेरे लिए गौरव के साथ-साथ समाज और बच्चों के लिए और अधिक समर्पण से कार्य करने की प्रेरणा है।”
समारोह में उपस्थित गुरुजनों, पूर्व विद्यार्थियों एवं गणमान्य नागरिकों ने भी आयोजन समिति के इस अभिनव प्रयास की सराहना की। आत्मीय वातावरण में संपन्न हुआ यह आयोजन गुरु सम्मान, मित्र मिलन और पुरानी यादों को फिर से जीवंत करने वाला यादगार अवसर बन गया।











