
खंडवा कॉलेज परिसर में आयोजित नि:शुल्क स्वास्थ्य परीक्षण एवं रक्तदान शिविर रहा ऐतिहासिक रूप से सफल।

लगभग 50 कॉलेज स्टाफ एवं छात्रों ने किया रक्तदान।
खंडवा कलेक्टर भी नवाचार के माध्यम से रक्तदान को दे रहे हैं बढ़ावा।
खंडवा। जन जागृति,जन सहभागिता एवं जनसेवा के माध्यम से कार्यों में सफलता मिलती है। सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना के साथ निमाड़ एजुकेशनल सोसायटी के तत्वावधान में 24 फरवरी को पूनमचंद गुप्ता वोकेशनल कॉलेज, सिविल लाइन, खंडवा परिसर में आयोजित नि:शुल्क स्वास्थ्य परीक्षण एवं रक्तदान शिविर अत्यंत सफल एवं प्रेरणादायक रहा। समाजसेवी सुनील जैन ने बताया कि शिविर में विद्यार्थियों, बाहरी नागरिकों एवं अन्य महाविद्यालयों के छात्रों सहित कुल 500 से अधिक पंजीयन हुए, जो जनसहभागिता का उत्साहजनक उदाहरण रहा। कार्यक्रम के दौरान लगभग 370 प्रतिभागियों का हीमोग्लोबिन एवं बीपी परीक्षण किया गया तथा कुल 50 यूनिट रक्तदान किया गया, जो जरूरतमंद मरीजों के लिए जीवनरक्षक सिद्ध होगा। सुनील जैन ने बताया कि रक्तदान एक जीवन रक्षक प्रक्रिया है जिससे एक स्वस्थ व्यक्ति स्वेच्छा से अपना रक्त देता है तो यह रक्त दुर्घटनाओ, सर्जरी और कैंसर जैसी बीमारियों से जूझ रहे मरीजों की जान बचाने के काम आता है, रक्तदान को महादान माना गया है जो मरते हुए को जिंदगी प्रदान करता है। खंडवा कलेक्टर वृषव गुप्ता द्वारा रक्तदान के महत्व को लेकर नवाचार किया जा रहा है। जिसके माध्यम से बड़ी संख्या में रक्तदाता आगे बढ़ रहे हैं। कलेक्टर श्री गुप्ता की घोषणा के अनुसार रक्तदान करने वाले दर्ज आर्थियों को जल्द दर्शन का लाभ प्राप्त हो रहा है बड़ी संख्या में श्रद्धालु रक्तदान की ओर अग्रसर हुए हैं।
समाजसेवी सुनील जी ने बताया कि कॉलेज परिसर में शिविर में 15 से अधिक विशेषज्ञ चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य अधिकारियों ने अपनी सेवाएं प्रदान कीं। इनमें डॉ. सिद्धार्थ श्रीमाली (ऑर्थोपेडिक), डॉ. शिवेश कपूर, डॉ. दिनेश गुर्जर, डॉ. महेन्द्र मोजहालदे, डॉ. जिनल पटेल एवं डॉ. फरीहा तरन्नुम (दंत चिकित्सक), डॉ. शैलेन्द्र महोदय (होम्योपैथी), डॉ. ऋतुराज वर्मा (आयुर्वेद), डॉ. नरेश कुमार लोधी (ईएनटी विशेषज्ञ), डॉ. विशाल श्रीवास्तव एवं डॉ. वैश्वानी शाह (मेडिकल ऑफिसर), डॉ. आस्था उबेज़ा एवं डॉ. शिखा (स्त्री रोग विशेषज्ञ) तथा डॉ. हरीश यादव (ब्लड बैंक ऑफिसर) शामिल रहे। इसके अतिरिक्त कमलेश चौधरी (न्यूरोथेरेपी), राजेश चौधरी (न्यूरोपैथी), पंकज शर्मा एवं डॉ. सोमिल जैन (नेत्र परीक्षण), रामसिंह रावत (नर्सिंग ऑफिसर), अजय धाकसे (फार्मासिस्ट), विजेन्द्र जुगतावत (सीनियर लैब टेक्नीशियन), संतोष यादव (असिस्टेंट लैब टेक्नीशियन) तथा मेडिकल रिप्रेजेंटेटिव द्वारा दवाइयों की व्यवस्था की गई।
विशेष रूप से डॉ. आस्था उबेज़ा द्वारा महिलाओं के लिए एक जागरूकता सेमिनार आयोजित किया गया, जिसमें एनीमिया, महिला स्वास्थ्य, पोषण एवं अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत मार्गदर्शन दिया गया। सुनील जैन ने बताया कि रक्तदान की संपूर्ण प्रक्रिया ब्लड बैंक टीम की उपस्थिति में सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित रूप से संपन्न हुई।
इस सफल आयोजन में सोसायटी के अध्यक्ष संदीप गुप्ता, सचिव प्रज्ञान गुप्ता, कॉलेज के प्राचार्य डॉ. दीपेश आर. उपाध्याय एवं प्रबंधक सतीश पटेल का विशेष मार्गदर्शन रहा। साथ ही कॉलेज स्टाफ एवं स्वयंसेवकों की सक्रिय भूमिका के कारण कार्यक्रम व्यवस्थित एवं प्रभावी रूप से संपन्न हुआ। खंडवा शहर में आयोजित यह स्वास्थ्य एवं रक्तदान शिविर समाज सेवा, स्वास्थ्य जागरूकता एवं मानव कल्याण की दिशा में एक महत्वपूर्ण एवं प्रेरणादायक पहल सिद्ध हुआ।









