ताज़ा ख़बरें

कलेक्टर श्री गुप्ता ने बैठक में दिए निर्देश , संकल्प से समाधान अभियान के शिविरों में एसडीएम स्वयं व्यवस्थाएं देखें

खास खबर

कलेक्टर श्री गुप्ता ने बैठक में दिए निर्देश , संकल्प से समाधान अभियान के शिविरों में एसडीएम स्वयं व्यवस्थाएं देखें

खण्डवा#कलेक्टर श्री ऋषव गुप्ता ने सोमवार शाम को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित साप्ताहिक समीक्षा बैठक में #संकल्प_से_समाधान अभियान की अब तक की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने उपस्थित सभी एसडीएम को निर्देश दिए कि अभियान के द्वितीय चरण में आयोजित होने वाले शिविरों में एसडीएम एवं अन्य वरिष्ठ अधिकारी स्वयं जाएं और वहां की व्यवस्थाएं देखें तथा सुनिश्चित करें कि ग्रामीणों को उनके पात्रता के अनुसार योजनाओं का लाभ मिले। बैठक में जिला पंचायत के सीईओ डॉक्टर नागार्जुन बी. गौड़ा, अपर कलेक्टर श्रीमती सृष्टि देशमुख गौड़ा, अपर कलेक्टर श्री के आर बड़ोले सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद थे।

जनगणना के लिए सभी आवश्यक तैयारियां करें

कलेक्टर श्री गुप्ता ने बैठक में निर्देश दिए कि जनगणना के लिए अभी से सभी आवश्यक तैयारियां की जाएं। उन्होंने बताया कि जनगणना-2027 के तहत मई माह में सर्वे कर घरों की लिस्टिंग का कार्य शुरू हो जाएगा तथा फरवरी 2027 में घर-घर जाकर जनगणना की जानकारी एकत्र की जाएगी। उन्होंने बताया कि जनगणना के लिए 15 से 30 अप्रैल 2026 तक नागरिकों को उनकी जानकारी जनगणना पोर्टल में स्वयं ही भरने की सुविधा दी जाएगी। उन्होंने कहा कि इस बात का प्रचार प्रसार किया जाए कि जनगणना के लिए नागरिकगण अपने घर आने वाले प्रगणक को सही सही जानकारी दें, ताकि जनगणना के माध्यम से सही तथ्य एकत्र हों।

संकल्प से समाधान अभियान के शिविरों के स्थान व तिथि का व्यापक प्रचार प्रसार करें

कलेक्टर श्री गुप्ता ने बैठक में संकल्प से समाधान अभियान की विस्तार से समीक्षा की और निर्देश दिए कि शिविरों के आयोजन से पूर्व उनके स्थान और तिथि का व्यापक प्रचार प्रसार करें। उन्होंने कहा कि शिविर से एक दिन पूर्व गांव में मुनादी करायें, ताकि अधिक से अधिक लोग शिविर में लाभान्वित हो सकें। कलेक्टर श्री गुप्ता ने कहा कि शिविर में जो आवेदन अपात्रता के कारण अस्वीकृत किए जा रहे हैं उन आवेदकों को अपात्रता का स्पष्ट कारण बताते हुए आवेदन अस्वीकृत किया जाए। बैठक में बताया गया कि संकल्प से समाधान अभियान के पहले चरण में लगभग 80 हजार आवेदन प्राप्त हो चुके हैं, इनमें से 51650 आवेदन स्वीकृत किए जा चुके हैं।

सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों के निराकरण में गति लाएं

बैठक में कलेक्टर श्री गुप्ता ने सीएम हेल्पलाइन के तहत प्राप्त शिकायतों के निराकरण की भी विस्तार से समीक्षा की और अधिकारियों को निर्देश दिए कि सीएम हेल्पलाइन में दर्ज शिकायतों का समय सीमा में निराकरण सुनिश्चित किया जाए। कलेक्टर श्री गुप्ता ने जिला शिक्षा अधिकारी को निर्देश दिए कि आगामी शिक्षा सत्र में विद्यार्थियों के प्रवेश के साथ ही उन्हें निःशुल्क पाठ्य पुस्तकें उपलब्ध हो जाएं, इस बात की व्यवस्था अभी से सुनिश्चित की जाए। कलेक्टर श्री गुप्ता ने अनुसूचित जाति जनजाति एवं पिछड़ा वर्ग विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसी भी छात्रावास में सीटें खाली ना रहे छात्रावास की पूरी क्षमता अनुसार विद्यार्थियों को प्रवेश दिया जाए।

 

Show More
Back to top button
error: Content is protected !!