सिंग्रामपुर ///
जबेरा थाना की सिंग्रामपुर चौकी अंतर्गत दमोह–जबलपुर स्टेट हाईवे पर सोमवार दोपहर करीब 11 बजे फाल्को नाला मंदिर के पास एक भीषण सड़क हादसा हो गया। जबलपुर से दमोह की ओर जा रहे चावल से लदे एक ट्रक के ब्रेक फेल हो गए, जिससे वह आगे चल रही दर्शनार्थियों से भरी पिकअप से जा टकराया।
टक्कर इतनी तेज थी कि पिकअप सड़क किनारे खड़े अन्य ट्रकों से भिड़ गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और हाईवे पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। पिकअप में 20 से 25 श्रद्धालु सवार थे, जो गोसलपुर-सिहोरा क्षेत्र से बांदकपुर दर्शन के लिए जा रहे थे। इनमें महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग शामिल थे।
हादसे में दर्जनभर से अधिक लोग घायल हुए हैं, जिनमें चार-पांच की हालत गंभीर बताई जा रही है। सूचना मिलते ही जबेरा थाना प्रभारी विकास सिंह चौहान एवं सिंग्रामपुर चौकी प्रभारी गणेश दुबे पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया।
108 एंबुलेंस और निजी वाहनों की मदद से घायलों को कटंगी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां एक दर्जन घायलों का इलाज जारी है, जबकि गंभीर रूप से घायल लोगों को जबलपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।
दुर्घटना के बाद दमोह–जबलपुर स्टेट हाईवे पर करीब आधे घंटे तक यातायात पूरी तरह बाधित रहा और लगभग एक घंटे तक दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर वन-वे व्यवस्था से यातायात बहाल कराया।
पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। घायलों में नंदू पाल, छोटेलाल पाल, बारेलाल, बंदना, दयाराम, संध्या, सुशीला, ओम, प्रदीप, महिमा, रेखा, रोशनी, कार्तिक, पुत्तोबाई, नंदिनी, खुशी, सोनाक्षी, मानवी, राधिका, वेद, कन्हैया सहित सिमरिया-बेलखाड़ू क्षेत्र के महिला-पुरुष व बच्चे शामिल हैं।















