
विश्व कैंसर दिवस पर अस्पतालों में शिविर लगाकर स्वास्थ्य जाँच की गई
—
खण्डवा//विश्व कैंसर दिवस के अवसर पर बुधवार को जिले में कैंसर के प्रति जागरूकता लाने के उद्देश्य से सभी शासकीय स्वास्थ्य संस्थाओं जिला अस्पताल, सिविल अस्पताल, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों एवं आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में विशेष कैंसर स्क्रीनिंग शिविर लगाये गये। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉक्टर ओपी जुगतावत ने बताया कि इन शिविरों में स्तन कैंसर, ओरल कैंसर और गर्भाशय कैंसर के प्रारंभिक लक्षणों के बारे में जानकारी दी गई। इन शिविरों में बताया गया कि स्तन में गांठ या आकार में बदलाव, मुंह में न भरने वाला घाव, सफेद लाल धब्बे, असामान्य योनि स्राव या रक्तस्राव, लंबे समय तक खांसी, वजन घटना या कमजोरी जैसे लक्षण होने पर तत्काल निकटतम सरकारी अस्पताल जाकर जांच करवाएं।
शिविरों में आने वाले मरीजों को सजग करते हुए बताया कि कैंसर की समय पर पहचान से उपचार संभव है, और जीवन को बचाया जा सकता है। साथ ही समझाया गया कि तंबाकू एवं गुटखा सेवन नहीं करना चाहिए तथा नियमित स्वास्थ्य जांच कराते रहना चाहिए। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ.ओपी जुगतावत ने नागरिकों से अपील की है कि वे केंसर संबंधी लक्षणों को नज़र अंदाज़ न करें और निःशुल्क जाँच करवाकर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ लें।










