
*राष्ट्रीय बालिका दिवस पर बेटियों को मिला अधिकार और सुरक्षा का सशक्त संदेश*
*“बेटी बचाओ–बेटी पढ़ाओ” अभियान के तहत पिपल्यातहार स्कूल में जागरूकता कार्यक्रम*
खंडवा।
राष्ट्रीय बालिका दिवस के अवसर पर “बेटी बचाओ–बेटी पढ़ाओ” अभियान के अंतर्गत पिपल्यातहार स्थित शासकीय माध्यमिक विद्यालय में जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य बालिकाओं को उनके कानूनी अधिकारों, सुरक्षा कानूनों और शिक्षा के महत्व से अवगत कराना रहा।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि न्यायपीठ बाल कल्याण समिति खंडवा के अध्यक्ष प्रवीण शर्मा (प्रथम श्रेणी न्यायिक मजिस्ट्रेट समकक्ष) रहे। उन्होंने अपने प्रेरक संबोधन में कहा कि सशक्त, शिक्षित और सुरक्षित बेटी ही मजबूत समाज की आधारशिला होती है। उन्होंने सरल भाषा में पॉक्सो अधिनियम की जानकारी देते हुए बताया कि यह कानून बालिकाओं की गरिमा, सम्मान और सुरक्षा सुनिश्चित करता है। किसी भी प्रकार की असुरक्षा या शोषण की स्थिति में चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 पर तत्काल संपर्क करने का आह्वान किया।
प्रधान पाठक अर्चना निगोले ने जानकारी देते हुए बताया कि यह कार्यक्रम शिक्षिका हर्षा शर्मा के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ, जबकि कार्यक्रम का संचालन शिक्षिका आकांक्षा जोशी द्वारा प्रभावी ढंग से किया गया। आयोजन में विद्यालय परिवार की सक्रिय सहभागिता रही।
कार्यक्रम के दौरान बालिकाओं को शिक्षा, समान अवसर, आत्मसम्मान और निर्भीक जीवन के प्रति प्रेरित किया गया। यह संदेश दिया गया कि प्रत्येक बेटी समाज की शक्ति है और उसके अधिकारों की रक्षा सामूहिक जिम्मेदारी है।
कार्यक्रम का समापन “बेटी बचाओ–बेटी पढ़ाओ” के संकल्प और बालिकाओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना के साथ हुआ।






