*महापौर श्रीमती अमृता अमर यादव के मार्गदर्शन में आयुक्त द्वारा रैन बसेरा का निरीक्षण, मूलभूत सुविधाओं की स्थिति का जायज़ा*
खण्डवा//नगर निगम खंडवा द्वारा शीत ऋतु में जरूरतमंद नागरिकों के लिए संचालित अस्थाई रैन बसेरों की व्यवस्थाओं की सतत निगरानी के क्रम में आज आयुक्त श्रीमती प्रियंका राजावत द्वारा पुराना बस स्टैंड स्थित अस्थाई रैन बसेरा का निरीक्षण किया गया।
*मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता का परीक्षण*
निरीक्षण के दौरान आयुक्त द्वारा रैन बसेरा में ठहरने वाले नागरिकों के लिए उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं की स्थिति का अवलोकन किया गया। यहां ठंड से बचाव हेतु गद्दे एवं कंबल उपलब्ध कराए जा रहे हैं, जो नगर निगम द्वारा निःशुल्क प्रदान किए जाते हैं। रैन बसेरा में कुल तीन कमरे उपलब्ध हैं, जिनमें से एक भाग महिलाओं के लिए आरक्षित है।
महिला एवं पुरुषों के लिए पृथक व्यवस्था
रैन बसेरा में लगभग 15 महिलाओं के लिए आरक्षित व्यवस्था है, वहीं 15 से 20 पुरुषों के ठहरने की सुविधा उपलब्ध है। वर्तमान में यहां लगभग 10 से 15 महिलाएं तथा 15 से 20 पुरुष रात्रि विश्राम कर रहे हैं। आवश्यकता पड़ने पर महिलाओं एवं बच्चों को प्राथमिकता दी जाती है, ताकि उन्हें सुरक्षित एवं सुविधाजनक वातावरण मिल सके।
*वर्तमान स्थिति और क्षमता*
आज की स्थिति में रैन बसेरा में लगभग 40 से 50 लोग विश्राम करते पाए गए। नगर निगम द्वारा निरंतर यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि किसी भी जरूरतमंद को ठंड के मौसम में असुविधा न हो और सभी को सम्मानजनक आश्रय उपलब्ध हो।
*सौंदर्यीकरण हेतु निर्देश*
निरीक्षण के दौरान आयुक्त श्रीमती प्रियंका राजावत ने रैन बसेरा की स्वच्छता एवं सौंदर्यीकरण को और बेहतर बनाने के उद्देश्य से रेड कार्पेट की व्यवस्था करने के निर्देश भी दिए, ताकि परिसर अधिक सुव्यवस्थित और आकर्षक बन सके।










