मल्चर एवं सुपर सीडर का उपयोग करें, तो नरवाई नहीं जलाना पड़ेगी
खण्डवा , कृषि अभियांत्रिकी विभाग, खण्डवा द्वारा किसानों को फसल अवशेष प्रबंधन के लिए आधुनिक कृषि यंत्र मल्चर एवं सुपर सीडर सब्सिडी पर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। मल्चर एवं सुपर सीडर जैसे यंत्र फसल अवशेषों को तुरंत काटकर मिट्टी में मिला देते हैं, इसलिए नरवाई को जलाने की आवश्यकता नहीं पड़ती है। इसके प्रयोग से अगली फसल की बुवाई शीघ्र और समान रूप से की जा सकती है। साथ ही भूमि की गुणवत्ता में सुधार तथा उत्पादन में वृद्धि होती है। सहायक कृषि यंत्री ने बताया कि नरवाई जलाने से प्रदूषण बढ़ता है और मिट्टी की उर्वरता कम होती है। मल्चर एवं सुपर सीडर के उपयोग से पर्यावरण प्रदूषण में कमी आएगी तथा भूमि की नमी व सूक्ष्म जीवों का संरक्षण होगा, जिससे कृषि उत्पादन बढ़ेगा। उन्होंने बताया कि कृषि यांत्रिकीकरण योजना के अंतर्गत किसानों को मल्चर पर 72,500 रूपये से 90 हजार रूपये तक एवं सुपर सीडर जैसे यंत्रों पर 1 लाख 20 हजार रूपये तक की सरकारी सब्सिडी प्रदान की जाती है। इसके लिए किसान अपने निकटतम कृषि अभियांत्रिकी विभाग कार्यालय या कृषि विभाग के पोर्टल पर आवेदन कर सकते हैं।
2,501 1 minute read









