
*सिंधी समाज के श्रीराम ग्रुप द्वारा होगी सिंधी कॉलोनी की महारानी की स्थापना*
खंडवा।सिंधी समाज के श्रीराम ग्रुप द्वारा सिंधी कॉलोनी की महारानी की स्थापना हर्षोल्लास और धूमधाम से की जा रही है।इस हेतु श्रीराम ग्रुप के सभी सदस्य प्रारंभिक तैयारियों में सक्रियता से जुटे हुए हैं।
सिंधी समाज के प्रवक्ता कमल नागपाल ने विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि श्रीराम ग्रुप द्वारा विगत 15 वर्षों से नवरात्रि पर विशेष मूर्ति स्थापना की जा रही है।इस वर्ष विशाल डमरू के स्वरूप में अति आकर्षक प्रवेश द्वार बनाया जा रहा है, वहीं गुफा और बर्फीले पहाड़ों से होकर बाबा अमरनाथ के दुर्गम दर्शन भी आकर्षण का प्रमुख केंद्र रहेंगे।मराठा समाज के वीर योद्धा संभाजी महाराज का मुगलों से युद्ध चलित झांकी द्वारा प्रदर्शित किया जाएगा।
काल भैरव रूपी शिव के साथ मां भवानी के पावन दर्शन कराए जाएंगे।सिर्फ इतना ही नहीं दर्शन के लिए आने वाली धर्म प्रेमी जनता के लिए अत्यंत आकर्षक सुंदर सेल्फी प्वाइंट भी बनाए जाएंगे, ताकि इस बार के माता के दर्शन को दर्शक अपनी स्मृति में संजो सके।
विशाल सिंह के स्वरूप में निकासी द्वार भी दर्शकों के मन को लुभाएगा।बच्चों के लिए अति सुंदर नवीन झूले और फूड जोन भी बनाए जाएंगे, ताकि सपरिवार आने वाले श्रद्धालु कार्यक्रम का भरपूर आनंद ले सकें।
श्रीराम ग्रुप के राजेश दासवानी ने बताया कि 22 सितंबर से 2 अक्टूबर तक मोघट रोड स्थित सिंधी धर्मशाला बगीचा ग्राउंड में दर्शन लाभ लिया जा सकेगा, वहीं 3 अक्टूबर सायं 4:00 बजे चल समारोह निकाला जाएगा।श्री राम ग्रुप के गोलू रामसिंघानी,किशन विधानी,सुमित चंदवानी, हिमांशु पंजाबी और नवीन चंदवानी सहित सभी सदस्यों ने धर्म प्रेमी जनता से माता रानी के दर्शन लाभ लेने की अपील की है।












