
मिट्टी की गणेश प्रतिमा विसर्जित कर पर्यावरण संरक्षण की अपील की
—
खण्डवा//पर्यावरण संरक्षण की दृष्टि से कलेक्टर श्री ऋषव गुप्ता की पहल पर जिले में मिट्टी की गणेश प्रतिमा स्थापित करने का अभियान गणेश चतुर्थी से पूर्व प्रारंभ किया गया था। इसके साथ ही खंडवा में प्लास्टर का पेरिस की मूर्तियों के विक्रय पर प्रतिबंध लगाकर नागरिकों से भी घरों में मिट्टी की प्रतिमा स्थापित करने की अपील कलेक्टर श्री गुप्ता ने की थी। कलेक्टर श्री गुप्ता की पहल पर जिले के सभी अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने अपने-अपने घरों में मिट्टी की गणेश प्रतिमा स्थापित की।
इसी क्रम में जिला पंचायत कार्यालय में गणेश उत्सव के दौरान मिट्टी की गणेश प्रतिमा स्थापित की गई थी, जिसका विसर्जन जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती पिंकी सुदेश वानखेड़े और जिला पंचायत के सीईओ डॉक्टर नागार्जुन गौडा ने कार्यालय परिसर में ही किया। जिला पंचायत के सीईओ डॉक्टर गौड़ा ने नागरिकों से अपील की है कि अपने-अपने घरों में स्थापित मिट्टी की गणेश प्रतिमा का नदियों या जलाशयों में विसर्जन करने के बजाय अपने घर पर ही किसी पात्र बाल्टी या टब में करें। उन्होंने बताया कि प्रतिमा विसर्जन से मिली मिट्टी को गमलों या बगीचे की क्यारियों की मिट्टी में मिलाकर पौधों के लिए उर्वरक के रूप में प्रयोग किया जा सकता है। ऐसा करके हम सभी मिलकर श्रद्धा और भक्ति के साथ-साथ प्रकृति की रक्षा भी कर सकते है.









