ताज़ा ख़बरेंमध्यप्रदेश

हर घर तिरंगा, हर घर स्वच्छता अभियान के तहत महिलाओं की भव्य तिरंगा महारैली

कैबिनेट मंत्री निर्मला भूरिया और कलेक्टर नेहा मीना ने की अगुवाई

 

झाबुआ, 13 अगस्त 2025। स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में जिला प्रशासन द्वारा “हर घर तिरंगा, हर घर स्वच्छता; स्वतंत्रता का उत्सव, स्वच्छता के संग” अभियान के अंतर्गत एक विशाल एवं ऐतिहासिक तिरंगा महारैली का आयोजन किया गया। इस रैली में नगर एवं ग्रामीण क्षेत्रों से आई महिलाओं ने उत्साह और देशभक्ति की भावना के साथ बड़ी संख्या में भाग लिया।

 

कार्यक्रम में मध्य प्रदेश शासन की महिला एवं बाल विकास मंत्री सुश्री निर्मला भूरिया और जिला कलेक्टर सुश्री नेहा मीना मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। रैली की शुरुआत पीएम श्री कन्या विद्यालय से हुई, जहाँ से महिलाओं ने हाथों में तिरंगा लेकर नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए राजवाड़ा चौक तक मार्च किया।

 

रैली में पीएम श्री कन्या विद्यालय की छात्राओं ने जल सेना, थल सेना और वायु सेना के शौर्य का प्रदर्शन किया, साथ ही वीरांगनाओं — लोकमाता अहिल्या बाई और रानी लक्ष्मी बाई — के रूप में छात्राओं ने सांस्कृतिक झलक प्रस्तुत की। विद्यालय का बैंड दल भी आकर्षण का केंद्र रहा। महिलाओं ने तिरंगे के रंगों वाली पारंपरिक वेशभूषा और देशभक्ति के नारों से पूरे मार्ग को राष्ट्रभक्ति के रंग में रंग दिया।

 

राजवाड़ा चौक पर आयोजित सभा में कैबिनेट मंत्री निर्मला भूरिया ने कहा — “स्वतंत्रता केवल एक पर्व नहीं, बल्कि यह हमें अपनी ज़िम्मेदारियों की याद भी दिलाता है। स्वच्छता और देशभक्ति एक-दूसरे के पूरक हैं। जब तक हमारा समाज और गांव स्वच्छ नहीं होंगे, तब तक हम सच्चे अर्थों में स्वतंत्र नहीं हो सकते।” उन्होंने सभी को “स्वच्छ सुजल गांव” की शपथ दिलाई।

 

कलेक्टर नेहा मीना ने महिलाओं की सहभागिता को अद्भुत बताया और कहा कि स्वच्छता, जनभागीदारी और राष्ट्रीय गौरव को जोड़कर समाज में सकारात्मक बदलाव लाया जा सकता है।

 

कार्यक्रम में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री जितेन्द्र सिंह चौहान, सहायक कलेक्टर श्री आशीष कुमार, एसडीओ राजस्व मेघनगर श्रीमती रीतिका पाटीदार, सहायक आयुक्त जनजातीय कार्य विभाग श्रीमती सुप्रिया बिसेन सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी और सामाजिक संगठनों की महिलाएं, ब्रह्माकुमारीज की दीदियाँ, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, स्व-सहायता समूह तथा विद्यालयों की छात्राएं उपस्थित रहीं।

Show More
Back to top button
error: Content is protected !!