
जिले में औद्योगिक विकास को गति देने तथा स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ाने की मांग को लेकर युवा मोर्चा के जिला अध्यक्ष श्री सिद्धार्थ दुबे जी के नेतृत्व मे जिला सह-मीडिया प्रभारी सुयश जैन,जिला मंत्री हेमंत राव बाघे एवं जिला मंत्री विक्रांत राठौर के द्वारा माननीय मंत्री वाणिज्य, उद्योग, वाणिज्य कर (आबकारी) एवं श्रम विभाग, छत्तीसगढ़ शासन श्री लखनलाल देवांगन को मांग पत्र सौंपा गया।

मांग पत्र में कहा गया है कि जिला गौरेला-पेंड्रा-मरवाही में औद्योगिक विकास की व्यापक संभावनाएं मौजूद हैं, लेकिन अब तक व्यवस्थित औद्योगिक क्षेत्र विकसित नहीं होने से स्थानीय उद्यमियों और निवेशकों को उद्योग स्थापना के लिए उपयुक्त भूमि उपलब्ध नहीं हो पा रही है। इससे नए निवेश एवं रोजगार सृजन की संभावनाएं प्रभावित हो रही हैं।
पत्र में उल्लेख किया गया कि जिले में यदि नियोजित औद्योगिक क्षेत्र विकसित किया जाता है तो इससे स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ेंगे, लघु एवं मध्यम उद्योगों को प्रोत्साहन मिलेगा तथा जिले की आर्थिक गतिविधियों को नई दिशा प्राप्त होगी।
इसके साथ ही मांग पत्र में यह भी बताया गया कि जिले के कई औद्योगिक भूखंड वर्षों पूर्व आवंटित किए गए थे, लेकिन उन पर अब तक उद्योग स्थापित नहीं किए गए हैं। ऐसे निष्क्रिय भूखंडों का सर्वेक्षण कर नियमानुसार उनके आवंटन की समीक्षा, आवश्यकता पड़ने पर निरस्तीकरण तथा पुनः आवंटन की कार्यवाही किए जाने की मांग की गई है।
मांग पत्र में भविष्य की औद्योगिक आवश्यकताओं और निवेश संभावनाओं को ध्यान में रखते हुए जिले में औद्योगिक प्रयोजनों के लिए “भूमि बैंक (Land Bank)” निर्माण करने का भी सुझाव दिया गया है, जिससे उद्योग स्थापित करने के इच्छुक उद्यमियों को पारदर्शी एवं त्वरित तरीके से भूमि उपलब्ध कराई जा सके।
मांगकर्ताओं ने विश्वास व्यक्त किया है कि जिले के औद्योगिक विकास, निवेश आकर्षण तथा रोजगार सृजन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से शासन स्तर पर शीघ्र आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।












