
*वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जल गंगा संवर्धन अभियान एवं हरियाली महोत्सव पर हुआ संवाद*
खण्डवा/
संचालनालय नगरीय प्रशासन एवं विकास, मध्यप्रदेश द्वारा जल गंगा संवर्धन अभियान के अंतर्गत एक राज्य स्तरीय वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग मीटिंग का आयोजन किया गया, जिसमें खंडवा नगर निगम की सक्रिय भागीदारी रही।
*राज्य स्तरीय अधिकारियों से संवाद*
वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित इस बैठक में राज्य स्तर के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ विभिन्न नगरीय निकायों द्वारा जल संरक्षण, जल शुद्धिकरण, एवं नदियों के पुनर्जीवन से संबंधित योजनाओं एवं प्रयासों पर विस्तृत चर्चा की गई। खंडवा नगर निगम द्वारा विगत दिनों में किए गए कार्यों की भी सराहना की गई।
*हरियाली महोत्सव 2025 के अंतर्गत पौधारोपण पर विशेष चर्चा*
इस अवसर पर हरियाली महोत्सव 2025 के अंतर्गत खंडवा शहर में विभिन्न स्थानों पर किए गए पौधारोपण कार्यों की प्रगति पर भी विचार-विमर्श किया गया। निगम द्वारा जनसहभागिता से किए गए वृक्षारोपण प्रयासों को राज्य स्तर पर साझा किया गया।
*महापौर एवं अध्यक्ष की उपस्थिति*
इस अवसर पर माननीय महापौर श्रीमती अमृता अमर यादव एवं निगम अध्यक्ष श्री अनिल विश्वकर्मा की भी उपस्थिति रही। दोनों जनप्रतिनिधियों ने खंडवा में चल रहे हरियाली एवं जल संरक्षण अभियान के प्रति प्रतिबद्धता दोहराई और नागरिक सहभागिता के महत्व को रेखांकित किया।
*खंडवा नगर निगम की सहभागिता*
वीसी मीटिंग में निगम आयुक्त श्रीमती प्रियंका राजावत की अगुवाई में निगम के समस्त विभाग प्रमुख एवं अधिकारीगण उपस्थित रहे। सभी ने जल एवं हरियाली संरक्षण को लेकर निगम द्वारा किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी एवं भविष्य की रणनीति पर विचार साझा किया।
*जनसहभागिता से होगी सफलता सुनिश्चित*
बैठक में यह संदेश भी दिया गया कि जल एवं हरियाली संरक्षण के प्रयास तब तक पूर्ण नहीं माने जा सकते जब तक उनमें नागरिकों की सहभागिता सुनिश्चित न हो। इसी उद्देश्य से हरियाली महोत्सव एवं जल गंगा संवर्धन अभियान को जन आंदोलन के रूप में आगे बढ़ाने का संकल्प लिया गया।







