
एडिटर/संपादक/तनीश गुप्ता✍️
*नगर निगम परिसर में वाणिज्यिक कॉम्प्लेक्स निर्माण प्रस्ताव पर व्यापारियों के साथ चर्चा सम्पन्न*
खण्डवा// नगर निगम सभागृह में महापौर श्रीमती अमृता अमर यादव की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें अध्यक्ष श्री अनिल विश्वकर्मा, MIC सदस्यगण श्री राजेश यादव, श्री सोमनाथ काले, श्री विक्की भानवरे, श्री आशीष चटकले, श्री अनिल वर्मा, आयुक्त श्रीमती प्रियंका राजावत, उपायुक्त श्री एस. आर. सिटोले एवं अन्य निगम अधिकारीगण उपस्थित रहे।
इस बैठक में वर्तमान निगम परिसर की दुकानों में व्यवासाय कर रहे व्यापारियों को आमंत्रित किया गया था। बैठक का मुख्य उद्देश्य निगम के प्रस्तावित नवीन वाणिज्यिक परिसर (Commercial Complex) की रूपरेखा प्रस्तुत करना एवं व्यापारियों को इससे अवगत कराना था।
*प्रस्तावित कॉम्प्लेक्स का स्वरूप*
नगर निगम खंडवा द्वारा प्रस्तावित यह वाणिज्यिक परिसर, Khandwa Central Mall, वर्तमान निगम भवन की जगह पर बनाया जाना प्रस्तावित है। इस मल्टी-लेवल आधुनिक मॉल का कुल निर्माण व्यय ₹47 करोड़ (GST सहित) प्रस्तावित है। इस योजना के अंतर्गत निम्नलिखित सुविधाएं प्रस्तावित हैं:
• *स्थान:* प्रमुख तिराहे पर स्थित, निगम भवन की वर्तमान भूमि पर।
• *भूखंड क्षेत्रफल:* 4511.67 वर्ग मीटर
• *कुल निर्माण क्षेत्रफल:* 8303.34 वर्ग मीटर (G+4)
• *भवन की ऊँचाई:* 15 मीटर
• *ग्राउंड कवरेज:* 1600.66 वर्ग मीटर (40%)
• *पार्किंग सुविधा:* दो तहखानों में कुल 128 कारों की पार्किंग क्षमता
• *प्रस्तावित दुकानों की संख्या:*
• *भूतल (Ground Floor)*: 90 दुकानें
• *प्रथम तल (First Floor)*: 90 दुकानें
• *द्वितीय तल (Second Floor):* शो-रूम के रूप में उपयोग हेतु
• *तृतीय व चतुर्थ तल:* रेस्टोरेंट, गेम ज़ोन, कैफे, मल्टीप्लेक्स, आइसक्रीम पार्लर, जूस बार आदि मनोरंजन व खान-पान सुविधाओं हेतु विशेष रूप से डिजाइन किया गया है।
*व्यापारियों की राय और निगम की प्रतिक्रिया*
बैठक के दौरान व्यापारियों ने प्रस्तावित योजना से संबंधित अनेक प्रश्न उठाए। निगम अधिकारियों द्वारा सभी प्रश्नों का संतोषजनक उत्तर दिया गया तथा स्पष्ट किया गया कि यह योजना अभी प्रारंभिक चरण में है।
*महापौर श्रीमती अमृता अमर यादव ने बताया कि—*
“यह एक प्रस्ताव है, कोई अंतिम निर्णय नहीं। व्यापारियों के हित सर्वोपरि हैं। यह प्रस्ताव बहुचरणीय बैठक के पश्चात ही अंतिम निर्णय तक पहुंचेगा, और अधिकांश व्यापारियों की सहमति के बाद ही कोई कार्यवाही की जाएगी।”
अध्यक्ष श्री अनिल विश्वकर्मा एवं MIC सदस्यों ने भी आश्वस्त किया कि मौजूदा व्यापारियों को किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं होने दी जाएगी और स्थानांतरण या पुनःआवंटन की दशा में उचित विकल्पों पर विचार किया जाएगा।









