
*सफाई अपनाओ, बीमारी भगाओ अभियान के तहत वर्षा ऋतु में जनजागरूकता हेतु नगर निगम खंडवा और इंपीरिकल इंस्टिट्यूट का संयुक्त आयोजन*
नगर निगम खंडवा द्वारा “सफाई अपनाओ, बीमारी भगाओ” अभियान के अंतर्गत
दिनांक 05 जुलाई 2025 को इंपीरिकल इंस्टिट्यूट के सहयोग से एक विशेष जनजागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम वर्षा ऋतु को ध्यान में रखते हुए नागरिकों को साफ-सफाई के प्रति सतर्क करने और मच्छर जनित रोगों से बचाव के उपाय बताने के उद्देश्य से आयोजित किया गया।
*वर्षा ऋतु में सफाई का विशेष महत्व: उपाय बताए गए*
कार्यक्रम में नगर निगम की टीम द्वारा बताया गया कि वर्षा ऋतु में गंदगी के कारण मलेरिया, डेंगू, चिकनगुनिया जैसे रोगों का प्रकोप बढ़ सकता है। इस अवसर पर उपस्थित विशेषज्ञों और अधिकारियों ने नागरिकों से अपने घरों, आस-पास के क्षेत्रों, छतों, गमलों, एवं कूलर में नियमित रूप से पानी जमा न होने देने की अपील की। साथ ही सिंगल यूज पॉलीथीन के उपयोग से बचने और स्वच्छता बनाए रखने की समझाइश दी गई।
*मलेरिया विभाग द्वारा मच्छर जनित रोगों से बचाव के उपाय*
कार्यक्रम में जिला मलेरिया विभाग की टीम ने डेंगू, मलेरिया एवं अन्य मच्छर जनित रोगों की पहचान, लक्षण, और बचाव के उपायों की विस्तृत जानकारी दी। नागरिकों को बताया गया कि जलजमाव वाले क्षेत्रों में नियमित दवा का छिड़काव, मच्छरदानी का प्रयोग, और शरीर को ढंकने वाले वस्त्र पहनना रोगों से बचाव में सहायक है।
*इंपीरिकल इंस्टिट्यूट के विद्यार्थियों का सराहनीय योगदान*
इस अभियान के तहत इंपीरिकल इंस्टिट्यूट के लगभग 150 बच्चों ने भाग लिया। विद्यार्थियों ने अपने घरों से एकत्रित लगभग 800 पुराने कपड़े एवं जूते-चप्पल ‘3आर रथ’ पर जमा कर पुनः उपयोग एवं पुनर्चक्रण (Recycle/Reuse) की मिसाल पेश की। यह पहल स्वच्छता के साथ-साथ संसाधनों के जिम्मेदार उपयोग की प्रेरणा देती है।
*उपस्थित प्रमुख अधिकारी कर्मचारी*
कार्यक्रम में नगर निगम खंडवा के उपायुक्त श्री सचिन सिटोले ,विधि अधिकारी श्री राकेश ललित, स जनसंपर्क अधिकारी श्री गौरव खरे विशेष रूप से उपस्थित रहे। साथ ही इंपीरिकल इंस्टिट्यूट के ऑनर एवं नगर निगम के ब्रांड एंबेसडर श्री राहुल गीते, झोन प्रभारी श्री भुवन श्रीमाली, जिला मलेरिया विभाग से श्री नीरज शरद, श्री नरेंद्र मंडलोई, श्री सुधीर हल्दे, श्री वीरेंद्र भंवर, श्री राजेश बुड़े, श्री देवीदास प्रजापति, श्री डालूराम चौहान उपस्थित रहे।
नगर निगम की IEC टीम से उमा हिरवे, दीपिका श्रीवास, रवि शर्मा एवं संदीप खराले ने भी कार्यक्रम की सफल संचालन में भूमिका निभाई।








