मध्यप्रदेश

वर्षाकाल से जुड़ी दिक्कतों का समाधान तत्परता पूर्वक करें: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव

वर्षाकाल से जुड़ी दिक्कतों का समाधान तत्परता पूर्वक करें: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव

 

त्यौहारों पर आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित करें – सजग और संवेदनशील रहें अधिकारी

 

वीडियो कॉन्फ्रेंस से कलेक्टर्स सहित वरिष्ठ अधिकारियों को दिए निर्देश

 

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि आने वाले दो माह के प्रमुख त्यौहारों पर धार्मिक स्थानों पर श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं। नागरिकों के हित में प्रशासनिक अधिकारी और कर्मचारी संवेदनशील और सजग होकर दायित्व पूरा करें। वर्षाकाल से जुड़ी समस्याओं का त्वरित समाधान निकाला जाए। किसानों के लिए खाद और बीज की समुचित व्यवस्था रहे। नए शिक्षण सत्र के प्रारंभ होने पर विद्यार्थियों को पाठ्यपुस्तकों की उपलब्धता भी सुनिश्चित की जाए। मुख्यमंत्री डॉ. यादव गुरुवार को समत्व भवन,मुख्यमंत्री निवास से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग द्वारा वरिष्ठ अधिकारियों ,क्लेक्टर्स और पुलिस अधीक्षकों से चर्चा कर रहे थे।

 

नागरिकों की सुरक्षा हमारी प्राथमिकता हो

 

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने निर्देश दिए कि इस माह 28 जिलों में सामान्य से अधिक वर्षा हुई है। वर्षाकाल में आवश्यक प्रबंध किए जाएं। प्रदेश में एक से 26 जून तक हुई वर्षा 37 प्रतिशत अधिक है। अलीराजपुर और नीमच जिलों में सर्वाधिक वर्षा हुई है। अधिक वर्षा के अनुमान को देखते हुए रपटे और पुल आदि जहां पानी ऊपर से बह रहा है वहां बेरीकेड्स लगाए जाएं। नागरिकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता रहे। वर्षाकाल में नाले और नालियां समस्या बन रहे हों तो तत्परतापूर्वक समाधान का कार्य किया जाए। बांध से पानी छोड़े जाने की स्थिति में मुनादी, वाट्सएप, दूरभाष आदि का उपयोग कर ग्रामीण क्षेत्रों में सूचना पहुंचाई जाए। इस संबंध में संवेदनशील होकर समय पर सभी दायित्व अधिकारियों और कर्मचारियों द्वारा पूरे किए जाएं। अतिवृष्टि से नागरिकों के बचाव के लिए होमगार्ड और अन्य आपदा राहत दल सक्रिय रहें। जिलों में बोट्स की भी आवश्यक व्यवस्था रहे।

 

सर्पदंश से होने वाली मौतों को रोकें

 

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने निर्देश दिए कि वर्तमान में सर्पदंश से नागरिकों को बचाने की जो व्यवस्थाएं हैं, उनका विस्तार करते हुए पंचायतों और थानों के स्तर पर आवश्यक कार्यवाही की जाए। सर्पदंश से बचाव और उपचार का प्रशिक्षण देने की प्रदेश में शुरूआत हुई है, जो सराहनीय है। इस कार्य को निरंतर किया जाए। संभव हो तो कालबेलिया समुदाय के युवाओं को भी इस कार्य में अधिक दक्ष बनाकर उनकी सेवाएं ली जाएं। इन प्रयासों से वर्षाकाल में सर्पदंश की बढ़ती घटनाओं से नागरिकों को बेहतर तरीके से बचाया जा सकता है।

 

कानून व्यवस्था

 

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रत्येक जिले में कानून व्यवस्था की स्थिति मजबूत रहे। सामान्य घटनाओं पर भी अनावश्यक मुद्दा बनाने और जिन प्रकरणों में कार्यवाही हो गई है उनको लेकर विवाद की स्थिति निर्मित करने वाले तत्वों से सख्ती से निपटा जाए। प्रदेश में नक्सल गतिविधियों पर नियंत्रण का कार्य अच्छा हुआ है, इसके लिए सुरक्षा बल और उनके जवान बधाई के पात्र हैं।

 

श्रावण मास में सवारियों और यात्राओं के लिए करें जरूरी व्यवस्थाएं

 

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने वीडियो कांफ्रेंस में कलेक्टर्स को निर्देश दिए कि आगामी दो महीनों में विभिन्न त्यौहारों पर जरूरी व्यवस्थाओं को सुनिश्चित करें। ओंकरेश्वर, उज्जैन और मंदसौर में श्रावण मास में सवारियों और कावड़ यात्रियों के आवागमन को देखते हुए जरूरी प्रबंध किए जाएं। जनजातीय कलाकारों और पुलिस बैंड के माध्यम से कार्यक्रमों को आकर्षक बनाया जाए। गत वर्ष इस नवाचार को आमजनता ने भी सराहा था इस वर्ष भी ऐसी ही व्यवस्था कीजाए।

 

Dr Mohan Yadav

 

Show More

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!