
*महापौर कार्यालय में जनकार्य विभाग के कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित*
खण्डवा// महापौर श्रीमती अमृता अमर यादव की अध्यक्षता में महापौर कार्यालय में जनकार्य विभाग के कार्यों की समीक्षा हेतु बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में आयुक्त श्रीमती प्रियांका राजावत, उप आयुक्त श्री एस. आर. सिटोले, कार्यपालन यंत्री श्री राधेश्याम उपाध्याय, श्रीमती वर्षा घिडोड़े, सहायक जनसंपर्क अधिकारी श्री गौरव खरे, उपयंत्री श्री मनीष झीले, श्री सर्वेश मिश्रा, श्री आदर्श शर्मा, श्री भरत सुरजाये, वरिष्ठ लिपिक (जनकार्य) श्री ओ. पी. राठौर सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
*लाइव एवं कुल टेंडर्स की जानकारी*
नगर निगम द्वारा संचालित लाइव टेंडर्स की समीक्षा के दौरान बताया गया कि वर्तमान में प्लांटेशन तथा शकरतालाब फेंसिंग के टेंडर लाइव हैं। 10 लाख रुपये से अधिक राशि के 14 और 10 लाख रुपये से कम राशि के कुल 73 टेंडर हैं।
*कायाकल्प योजना अंतर्गत सड़क निर्माण कार्यों की स्थिति*
कायाकल्प योजना के अंतर्गत बनने वाली सड़कों में से दो को छोड़कर सभी सड़कें पूर्ण हो चुकी हैं। हनुमान दाल मिल रोड में पहले से ही सीसी रोड बनी हुई है, जिसके कारण नई सीसी रोड बनाने के लिए पहले पूरी सड़क को हटाना होगा नहीं तो सड़क की मोटाई बढ़ जाएगी । इस स्थिति को ध्यान में रखते हुए भोपाल के उच्चाधिकारियों से चर्चा कर डामर रोड बनाने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा, भैरो तालाब की सड़क को भी शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए गए।
*अन्य सड़कों के मरम्मत कार्यों के निर्देश*
आनंद नगर में गुरुद्वारे के सामने सड़क पर पैचवर्क करवाने के निर्देश दिए गए हैं।
*फ्लोटिंग सोलर प्लांट परियोजना की प्रगति*
नगर निगम द्वारा पीपीपी मॉडल पर फ्लोटिंग सोलर प्लांट प्रारंभ करने के लिए कुछ दिन पूर्व ‘एक्सप्रेशन ऑफ इंटरेस्ट’ प्रकाशित किया गया था। आज बैठक में SolarC Pvt. Ltd. के प्रतिनिधि भी उपस्थित हुए। उन्होंने बताया कि नागचून सरोवर के लगभग 50% जलक्षेत्र का उपयोग होगा। परियोजना के विस्तृत विश्लेषण एवं निरीक्षण हेतु 13 जून को ओंकारेश्वर प्रोजेक्ट का दौरा प्रस्तावित किया गया है।
*सीएम अधोसंरचना परियोजनाओं की समीक्षा*
सीएम अधोसंरचना परियोजनाओं के अंतर्गत स्टेडियम में पवेलियन निर्माण, नाला निर्माण एवं नवीन कार्यालय भवन निर्माण की भी समीक्षा की गई। स्टेडियम के पीछे नाले के पास भराव हेतु मटेरियल डालने के निर्देश एवं कार्यालय भवन निर्माण में कार्य की गति बढ़ाने के निर्देश दिए गए।
*एक लाख रुपये से अधिक के कार्यों की प्रगति*
एक लाख रुपये से अधिक के कार्यों में से 10 कार्य पूर्ण हो चुके हैं एवं 14 कार्य प्रगतिरत हैं। महापौर ने सभी उपयंत्रियों को गुणवत्ता बनाए रखने के लिए नियमित साइट विजिट करने तथा कार्य की फोटोग्राफी अनिवार्य रूप से करने के निर्देश दिए।ताकि भौतिक प्रगति की समीक्षा की जा सके ।
*अन्य महत्वपूर्ण निर्देश*
• कावेरी बिहार का रोड निर्माण कार्य 2-3 दिनों के भीतर प्रारंभ करने के निर्देश दिए गए।
• मुक्तिधाम में शेड्स बेहतर बनाने के लिए प्रस्ताव तैयार कर कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।
• इसके अतिरिक्त एसडीआरएफ, विधायक निधि के कार्यों, संजीवनी क्लिनिक, रोड निर्माण, नाले, बाउंड्री वॉल, लिगेसी वेस्ट, सीबीजी प्लांट्स सहित अन्य कार्यों की भी समीक्षा कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।









