सहारनपुर। उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक पर इस्लाम और रमजान को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी करने वाले आरोपी की गिरफ्तारी की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रही भीड़ पर पुलिस ने लाठीचार्ज किया। पुलिस ने भीड़ को खदेड़कर एक युवक को हिरासत में लिया और मामले में कार्रवाई शुरू की। हालांकि, एसपी देहात ने किसी भी व्यक्ति की हिरासत से इनकार किया है।जानकारी के अनुसार, चार दिन पहले कोतवाली बेहट के गांव अंबेहटा इस्माइलपुर पठानपुरा के एक युवक ने फेसबुक पर रमजान और इस्लाम के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी की थी, जिससे मुस्लिम समुदाय में नाराजगी फैल गई। इससे पहले भी मुस्लिम समाज के लोग आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर थाने और तहसील पर प्रदर्शन कर चुके हैं। सपा विधायक उमर अली खान के हस्तक्षेप के बाद आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था, लेकिन मुस्लिम समाज के लोग उसकी तत्काल गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं। सोमवार को सैकड़ों युवा बस स्टैंड के पास जमा हुए और नारेबाजी करते हुए सड़क जाम कर दी। पुलिस ने समझाने की कोशिश की, लेकिन भीड़ अड़ गई। इसके बाद पुलिस ने लाठीचार्ज किया, जिसमें कई लोग चोटिल हुए।
2,504 1 minute read










