जिला संवाददाता-तनीश गुप्ता
खंडवा। धनतेरस के दो दिन पूर्व साप्ताहिक हाट बाजार के अलावा शहर के अन्य बाजार भी ग्राहकों से गुलजार रहे। दुकानों के अलावा सड़कों पर भी भीड़ लगने से पल-पल में जाम की स्थिति निर्मित होती रही रविवार को ग्रामीण अंचलों से आए खरीददारों द्वारा जमकर खरीदी की गई। धनतेरस की पूर्व संध्या पर सोमवार को भी मुख्य बाजारों की सड़कें वाहनों से सटी पड़ी दिखाई दी। पुलिस अधीक्षक मनोज राय के निर्देश पर दीपावली के चार दिन फोर व्हीलर वाहनों को प्रमुख बाजारों में प्रतिबंधित कर दिया गया है। ज्यादा आवागमन व भीड़ को देखते हुए घंटाघर, बांबे बाजार, टाऊन हाल पर टूव्हीलर वाहनों को भी यातायात पुलिस रोक कर जाम की स्थिति नहीं बनने देगी। समाज सेवी सुनील जैन ने बताया कि धनतरेस के एक दिन पूर्व शहर के रेडीमेड, सराफा, बर्तन, इलेक्ट्रानिक व आटो डील वालों के यहां भी भीड़ रही और वाहनों की बुकिंग की गई जिससे कि धनतेरस के शुभ मुहुर्त में वाहन अपने घर ले जा सके। इन बाजारों से ग्राहकों द्वारा जमकर खरीदी की गई। इसके पूर्व रविवार को भी ग्राहकी का दौर जारी था। सोमवार को बाजारों में पर्व सी रौनक दिखाई दी। सुबह से लेकर शाम तक शहर के सभी बाजार ग्राहकों से गुलजार थे।











