
शिवशंकर मिश्रा ने जीता सिल्वर मेडल, जिला कमांडेंट ने किया सम्मानित
13वीं गन फॉर ग्लोरी एयर वेपन शूटिंग प्रतियोगिता में जूनियर टीम इवेंट में हासिल की रजत पदक की उपलब्धि
खंडवा। जबलपुर में मध्यप्रदेश स्टेट राइफल एसोसिएशन द्वारा आयोजित 13वीं गन फॉर ग्लोरी एयर वेपन शूटिंग प्रतियोगिता में खंडवा के होमगार्ड सैनिक शिवशंकर मिश्रा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जूनियर टीम इवेंट में सिल्वर मेडल हासिल किया। प्रतियोगिता 20 से 26 अगस्त तक आयोजित हुई, जिसमें प्रदेशभर से 400 से अधिक खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। खंडवा जिले से भी करीब 25 एथलीट प्रतियोगिता में शामिल हुए थे।
जूनियर टीम इवेंट में चमकाया खंडवा का नाम
समाजसेवी सुनील जैन ने बताया कि होमगार्ड कार्यालय खंडवा में सैनिक के पद पर पदस्थ शिवशंकर मिश्रा ने शूटिंग प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रजत पदक अपने नाम किया। उनकी इस उपलब्धि से खंडवा जिले का नाम प्रदेश स्तर पर गौरवान्वित हुआ है।
जिला कमांडेंट ने किया सम्मान
शिवशंकर मिश्रा की उपलब्धि पर जिला कमांडेंट होमगार्ड्स एवं एसडीईआरएफ ने उन्हें सम्मानित कर बधाई दी। अधिकारियों ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि शिवशंकर की सफलता जिले के अन्य युवा खिलाड़ियों के लिए भी प्रेरणादायक है। उन्होंने कहा कि खेल के क्षेत्र में निरंतर मेहनत और अनुशासन के दम पर खिलाड़ी जिले और प्रदेश का नाम रोशन कर सकते हैं।
प्रशिक्षकों और परिवार को दिया श्रेय
अपनी सफलता पर शिवशंकर मिश्रा ने इसका श्रेय अपने प्रशिक्षकों, साथी खिलाड़ियों और परिवार के सहयोग को दिया। उन्होंने कहा कि सभी के प्रोत्साहन और मार्गदर्शन से उन्हें बेहतर प्रदर्शन करने की प्रेरणा मिली।
शिवशंकर की उपलब्धि पर जिले के खेलप्रेमियों और शुभचिंतकों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी और आगामी प्रतियोगिताओं के लिए शुभकामनाएं दीं।











