झारखंड

दनुआ घाटी में सड़क हादसे रोकने की कामना से पुलिस अधिकारियों ने हथिया बाबा मंदिर मे पूजा-अर्चना किये 

 

चौपारण। सड़क हादसों के लिए चर्चित चौपारण दनुआ घाटी में दुर्घटनाओं पर रोक लगाने और यात्रियों की सुरक्षित यात्रा की कामना को लेकर बुधवार को हथिया बाबा मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना की गई। इस अवसर पर चौपारण थाना प्रभारी पंकज कुमार एवं चोरदाहा पिकेट प्रभारी नीतीश कुमार ने संयुक्त रूप से विधि-विधान के साथ पूजा कर क्षेत्र में सुख, शांति और सड़क दुर्घटनाओं में कमी आने की प्रार्थना की।

पूजा के दौरान दोनों अधिकारियों ने हथिया बाबा से सभी यात्रियों की सुरक्षित यात्रा, वाहन चालकों को संयम और क्षेत्र में शांति बनाए रखने की मंगलकामना की। उन्होंने कहा कि दनुआ घाटी राष्ट्रीय राजमार्ग का संवेदनशील हिस्सा है, जहां आए दिन सड़क दुर्घटनाएं होती रहती हैं। ऐसे में प्रशासनिक सतर्कता के साथ-साथ लोगों में जागरूकता भी बेहद जरूरी है।

थाना प्रभारी पंकज कुमार ने वाहन चालकों से अपील करते हुए कहा कि घाटी क्षेत्र में निर्धारित गति सीमा का पालन करें, ओवरलोडिंग और लापरवाही से वाहन न चलाएं तथा यातायात नियमों का पूरी तरह पालन करें। वहीं चोरदाहा पिकेट प्रभारी नीतीश कुमार ने कहा कि पुलिस लगातार निगरानी कर रही है और दुर्घटनाओं को रोकने के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं।पूजा-अर्चना के दौरान क्षेत्र के लोगों ने भी सड़क सुरक्षा को लेकर सकारात्मक पहल की सराहना की और दनुआ घाटी में हादसों में कमी आने की कामना की।

Show More

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!