
चौपारण : प्रखंड स्थित प्राथमिक विद्यालय महराजगंज के दिन अब बहुरने वाले हैं। सांसद व विधायक द्वारा अनुशंसित लगभग 78 लाख रुपये की लागत से होने वाले उन्नयन कार्य का विधायक मनोज कुमार यादव ने विधिवत शिलान्यास किया। इस योजना के धरातल पर उतरने से न केवल विद्यालय का तस्विर बदलेगा, बल्कि बच्चों को बेहतर और सुरक्षित शैक्षणिक माहौल भी मिल सकेगा। शिलान्यास कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक ने कहा कि शिक्षा का स्तर सुधारना हमारी पहली प्राथमिकता है। विद्यालय परिसर में बाउंड्रीवाल बनने से सुरक्षा सुनिश्चित होगी, वहीं चार नए अतिरिक्त कमरों के निर्माण से बच्चों के पठन-पाठन में आ रही जगह की किल्लत पूरी तरह दूर हो जाएगी।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिवार और प्रतिनिधियों ने विधायक को मांग पत्र भी सौंपा। विद्यालय प्रभारी गुलाब महतो, शिक्षक मो. कलीमुद्दीन अंसारी और समिति सदस्या आसरा शाहीन ने स्कूल में शिक्षकों की प्रतिनियुक्ति और एक पुस्तकालय की मांग रखी। विधायक ने मांग पत्र पर संज्ञान लेते हुए जल्द से जल्द शिक्षकों की कमी दूर करने और पुस्तकालय की व्यवस्था कराने का भरोसा दिलाया। मौके पर सांसद प्रतिनिधि मुकुंद साव, रामस्वरूप पासवान, आशीष सिंह, जिला परिषद सदस्य राकेश रंजन, मुखिया जानकी यादव, पूर्व मुखिया मो. सफाल उद्दीन, समिति सदस्य प्रतिनिधि मो. फैजान, समाजसेवी अरविंद सिन्हा, बलराम दांगी, विकास यादव, जन्मजय सिंह, महेंद्र साव, रंजीत प्रजापति, प्रकाश साव, समेत कई गणमान्य लोग एवं ग्रामीण उपस्थित थे।













