
रिपोर्टर= भव्य जैन
मध्य प्रदेश शासन उच्च शिक्षा विभाग के निर्देशानुसार दिलीपसिंह भूरिया शासकीय आदर्श स्नातकोत्तर महाविद्यालय, झाबुआ में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई के तत्वावधान में प्राचार्य प्रो. प्रवीण कुमार उछावर के मार्गदर्शन में “नशे से दूरी है जरूरी 2.0” अभियान का सफल आयोजन किया गया। अभियान के अंतर्गत विभिन्न तिथियों पर जन-जागरूकता संबंधी गतिविधियों का आयोजन कर विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराया गया।
अभियान के तहत 15 जुलाई 2026 को वृहद स्तर पर नशा मुक्ति जन-जागरूकता रैली निकाली गई। 16 जुलाई को नशा मुक्ति विषय पर आधारित शॉर्ट फिल्म का प्रदर्शन किया गया, जबकि 17 एवं 21 जुलाई को विशेष व्याख्यानमाला एवं नशा मुक्ति शपथ समारोह आयोजित किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्राचार्य प्रो. प्रवीण कुमार उछावर ने कहा कि “नशा विनाश का कारण है। युवा पीढ़ी को अपने उज्ज्वल भविष्य के लिए हर प्रकार के नशे से दूर रहना चाहिए।” उन्होंने विद्यार्थियों से स्वस्थ एवं नशामुक्त जीवन अपनाने का आह्वान किया।
विशेष व्याख्यान में श्री पंकज सांवले (उप संचालक, सामाजिक न्याय विभाग, झाबुआ), श्रीमती अनीता कटारा (एसआई, साइबर सेल, झाबुआ), श्रीमती निधि ठाकुर (जिला अधिकारी, सामाजिक न्याय विभाग), ब्रह्माकुमारी संस्थान की ज्योति दीदी तथा गायत्री परिवार ट्रस्ट के श्री घनश्याम दास बैरागी ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए “नशे से दूरी है जरूरी 2.0” अभियान की विस्तृत जानकारी दी तथा नशे के दुष्परिणामों पर प्रकाश डाला।
व्याख्यानमाला के उपरांत महाविद्यालय परिसर में प्राचार्य प्रो. प्रवीण कुमार उछावर ने विद्यार्थियों, प्राध्यापकों एवं कर्मचारियों को नशा मुक्ति की शपथ दिलाई।
कार्यक्रम में महाविद्यालय के सहायक प्राध्यापकों, अतिथि विद्वानों एवं कर्मचारियों का विशेष सहयोग रहा। संपूर्ण कार्यक्रम का संचालन डॉ. भूरसिंह निंगवाल, राष्ट्रीय सेवा योजना कार्यक्रम अधिकारी ने किया, जबकि अंत में डॉ. सुरेशचंद्र भाबर ने आभार व्यक्त किया।












