*बुधवार से शुरू होगा “वॉइस ऑफ खण्डवा” राष्ट्रीय गायन प्रतियोगिता का ऑडिशन*
*देशभर के प्रतिभागियों के लिए सुनहरा अवसर, विजेताओं को मिलेंगे ₹31 हजार तक के आकर्षक पुरस्कार*
खण्डवा। हरफनमौला गायक स्व. किशोर कुमार की स्मृति एवं खण्डवा गौरव दिवस के उपलक्ष्य में किशोर सांस्कृतिक प्रेरणा मंच द्वारा प्रतिवर्ष आयोजित की जाने वाली प्रतिष्ठित राष्ट्रीय गायन प्रतियोगिता “वॉइस ऑफ खण्डवा” का ऑडिशन 22 एवं 23 जुलाई को मुख्य प्रायोजक बैंक ऑफ इंडिया के सहयोग से आयोजित किया जाएगा।
मंच के अध्यक्ष रणवीर सिंह चावला, प्रवक्ता सुनील जैन एवं सचिव नारायण बाहेती ने बताया कि जिला प्रशासन, नगर पालिक निगम एवं किशोर सांस्कृतिक प्रेरणा मंच के संयुक्त सहयोग से प्रतिवर्ष किशोर कुमार जन्मोत्सव एवं खण्डवा गौरव दिवस तीन दिवसीय उत्सव के रूप में विविध सांस्कृतिक आयोजनों के साथ मनाया जाता है। इसी श्रृंखला में आयोजित “वॉइस ऑफ खण्डवा” प्रतियोगिता देशभर के प्रतिभाशाली गायकों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का राष्ट्रीय मंच प्रदान करती है।
उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता में देश के किसी भी राज्य के प्रतिभागी भाग ले सकते हैं। इस वर्ष प्रतियोगिता को और अधिक व्यापक स्वरूप देते हुए इसे सब जूनियर, जूनियर एवं सीनियर तीन वर्गों में आयोजित किया जा रहा है, जिससे प्रत्येक आयु वर्ग के प्रतिभागियों को समान अवसर मिल सके।
कार्यक्रम संयोजक सुरेन्द्र सिंह सोलंकी, अतुल अत्रिवाल एवं हरदीप सिंह छाबड़ा ने बताया कि 22 जुलाई (बुधवार) प्रातः 10 बजे से किशोर कुमार सभागृह में सब जूनियर एवं जूनियर वर्ग के प्रतिभागियों का ऑडिशन होगा, जबकि 23 जुलाई (गुरुवार) प्रातः 10 बजे से सीनियर वर्ग का ऑडिशन आयोजित किया जाएगा। तैयारी बैठक में सभी व्यवस्थाओं की विस्तार से समीक्षा कर अंतिम रूप दिया गया।
मंच के प्रवक्ता सुनील जैन ने बताया कि प्रतियोगिता के पुरस्कारों में इस वर्ष उल्लेखनीय वृद्धि की गई है। सीनियर वर्ग में प्रथम पुरस्कार ₹31,000, द्वितीय ₹21,000 एवं तृतीय ₹11,000 रहेगा। जूनियर वर्ग में प्रथम ₹15,000, द्वितीय ₹8,000 एवं तृतीय ₹5,000, जबकि सब जूनियर वर्ग में प्रथम ₹11,000, द्वितीय ₹8,000 एवं तृतीय ₹5,000 का पुरस्कार प्रदान किया जाएगा। ऑडिशन के पश्चात प्रतियोगिता के क्वार्टर फाइनल 30 जुलाई, सेमीफाइनल 31 जुलाई तथा भव्य फाइनल 2 अगस्त को गौरीकुंज सभागार में आयोजित होगा, जिसमें देशभर से चयनित प्रतिभागी अपनी गायन प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। मंच के पदाधिकारियों ने देशभर के युवा एवं उभरते गायकों से इस प्रतिष्ठित राष्ट्रीय प्रतियोगिता में भाग लेने का आह्वान करते हुए कहा कि “वॉइस ऑफ खण्डवा” आज देश की प्रमुख गायन प्रतियोगिताओं में अपनी विशिष्ट पहचान बना चुकी है और अनेक प्रतिभाओं को राष्ट्रीय स्तर पर स्थापित करने का माध्यम बनी है। प्रवक्ता सुनील जैन, मंगलेश तोमर,राजीव शर्मा,अनिल बाहेती, आशीष चटकेले ने महत्वपूर्ण सुझाव दिए। अंत में मंच के सचिव नारायण बाहेती ने सभी सहयोगी संस्थाओं लायन्स, रोटरी, जेसीआई,सांस्कृतिक संस्थाओं, प्रायोजकों एवं आयोजन समिति के सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए प्रतियोगिता के सफल आयोजन हेतु सभी से सहयोग की अपील की।










