
*“पॉलीथीन लाइए, चाय पीजिए” : खंडवा नगर निगम की अनोखी पहल, स्वच्छता के साथ मिलेगा सम्मान और संदेश*
स्वच्छता सर्वेक्षण 2026-27 में बेहतर प्रदर्शन हेतु नगर निगम का नवाचार, नागरिकों को जोड़ने की नई पहल
खंडवा। स्वच्छता को जनआंदोलन का स्वरूप देने और स्वच्छता सर्वेक्षण 2026-27 में बेहतर प्रदर्शन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से नगर पालिक निगम खंडवा द्वारा एक अभिनव एवं जनसहभागिता आधारित अभियान प्रारंभ किया गया है। महापौर श्रीमती अमृता अमर यादव के निर्देशन एवं आयुक्त श्रीमती प्रियंका राजावत के नेतृत्व में “पॉलीथीन लाइए, चाय पीजिए” अभियान शुरू किया गया है।
इस अभियान के अंतर्गत बस स्टैंड स्थित नगर निगम के सार्वजनिक शौचालय परिसर में आने वाले नागरिकों को स्वच्छता के प्रति प्रेरित किया जा रहा है। जो नागरिक अपने घर, दुकान अथवा बाजार में उपयोग की जा रही पॉलीथीन लाकर निर्धारित स्थान पर जमा करेंगे अथवा सार्वजनिक शौचालय का स्वच्छ एवं जिम्मेदारीपूर्ण उपयोग करेंगे, उन्हें नगर निगम द्वारा निशुल्क चाय प्रदान की जा रही है।
*एक कप चाय के साथ स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण का संदेश*
यह पहल केवल पॉलीथीन संग्रह तक सीमित नहीं है, बल्कि नागरिकों में स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और सार्वजनिक स्थानों के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करने का प्रयास है। अभियान के माध्यम से लोगों को सिंगल यूज़ प्लास्टिक के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया जा रहा है तथा स्वच्छ आदतों को अपनाने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है।
*जनभागीदारी से बनेगा स्वच्छ और सुंदर खंडवा*
नगर निगम द्वारा नागरिकों से अपील की गई है कि वे पॉलीथीन का उपयोग कम करें, कचरा खुले में न फेंकें, सार्वजनिक शौचालयों का स्वच्छ तरीके से उपयोग करें तथा शहर को स्वच्छ, सुंदर और पर्यावरण अनुकूल बनाने के इस अभियान में सहभागी बनें।
स्वच्छता तभी संभव है जब प्रशासन और नागरिक मिलकर जिम्मेदारी निभाएं। “पॉलीथीन लाइए, चाय पीजिए” अभियान इसी साझा जिम्मेदारी को जनआंदोलन में बदलने की दिशा में एक सार्थक कदम है।











