
शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय रुसतमपुर में सीड बॉल निर्माण एवं पर्यावरण संरक्षण जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन

रुसतमपुर। पर्यावरण संरक्षण एवं हरित भविष्य के निर्माण के उद्देश्य से आज शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय रुसतमपुर में इको क्लब के तत्वावधान में सीड बॉल निर्माण एवं पर्यावरण जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए बड़ी संख्या में सीड बॉल का निर्माण किया।
इको क्लब प्रभारी श्रीमती श्रद्धा गुप्ता ने विद्यार्थियों को सीड बॉल निर्माण की प्रक्रिया का व्यावहारिक प्रशिक्षण देते हुए बताया कि मिट्टी, गोबर एवं देशी प्रजातियों के बीजों से तैयार सीड बॉल वर्षा ऋतु में बंजर एवं अनुपयोगी भूमि पर फेंके जाने पर प्राकृतिक रूप से अंकुरित होकर हरित आवरण बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को अधिक से अधिक वृक्षारोपण करने तथा पर्यावरण संरक्षण को जन-आंदोलन बनाने का संदेश दिया।
कार्यक्रम के दौरान प्राचार्य श्री राधेश्याम जोशी ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि “प्रकृति का संरक्षण केवल एक दायित्व नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के प्रति हमारी नैतिक जिम्मेदारी है। प्रत्येक विद्यार्थी यदि एक पौधे के संरक्षण का संकल्प ले, तो हमारा पर्यावरण और अधिक समृद्ध एवं सुरक्षित बन सकता है।”
इस अवसर पर विद्यार्थियों को जैव विविधता, जलवायु परिवर्तन एवं वृक्षों के महत्व से अवगत कराया गया तथा सभी ने पर्यावरण संरक्षण एवं हरित भारत के निर्माण में सक्रिय योगदान देने की शपथ ली। कार्यक्रम में विद्यालय के समस्त शिक्षकगण एवं विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।











