

छपारा। मानसून की शुरुआत से पहले नगर की सफाई व्यवस्था को लेकर नगरवासियों की चिंता बढ़ती जा रही है। नगर के बस स्टैंड क्षेत्र, डुंगरिया वार्ड, महाराणा प्रताप कॉलोनी, हनुमान वार्ड, संजय कॉलोनी, फरेश कॉलोनी सहित कई क्षेत्रों में नालियां कीचड़, कचरे से भरी हुई है। कई स्थानों पर नालियां पूरी तरह चोक हो चुकी हैं, जिससे पानी की निकासी प्रभावित हो रही है।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि लंबे समय से कई नालियों की सफाई नहीं हुई है। नालियों में जमा गंदगी और ठहरे हुए पानी से लगातार दुर्गंध उठ रही है, जिससे आसपास रहने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। रहवासियों का कहना है कि गंदगी के कारण मच्छरों और अन्य कीटों की संख्या भी बढ़ रही है, जिससे डेंगू, मलेरिया, वायरल बुखार और अन्य संक्रामक बीमारियों का खतरा बढ़ सकता है।
नगरवासियों का कहना है कि जहां एक ओर नगर में सौंदर्यीकरण और रंग-रोगन के कार्य किए जा रहे हैं, वहीं दूसरी ओर नाली सफाई जैसे बुनियादी कार्यों की अनदेखी की जा रही है। लोगों ने नगर परिषद से मांग की है कि मानसून शुरू होने से पहले सभी प्रमुख नालियों की सफाई कराई जाए, मलबा हटाया जाए और नियमित सफाई व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
नगरवासियों का मानना है कि समय रहते कार्रवाई होने पर जलभराव, दुर्गंध और संभावित बीमारियों की समस्या से काफी हद तक राहत मिल सकती है। अब देखना होगा कि नगर परिषद छपारा इस समस्या को कितनी गंभीरता से लेते हुए जल्द समाधान की दिशा में कदम उठाती है।











